फुटबॉल प्रतियोगिता:प्रतापगढ़ की टीम ने जीता खिताब, फाइनल में विश्वविद्यालय कैंपस टीम 2-1 से हारी
प्रयागराज के प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय में शनिवार को आयोजित अंतर महाविद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ के पीबीपीजी कॉलेज सिटी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया है। रोमांचक फाइनल मुकाबले में टीम ने विश्वविद्यालय कैंपस की टीम को 2-1 से मात देकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन कुलपति प्रो. अखिलेश सिंह ने किया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में पीबीपीजी कॉलेज सिटी की टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए बीबीएस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, फाफामऊ की टीम को 3-0 के एकतरफा अंतर से हराकर शान से फाइनल में प्रवेश किया था। खिताबी मुकाबले में पीबीपीजी कॉलेज सिटी का सामना मेजबान विश्वविद्यालय कैंपस की टीम से हुआ। दोनों टीमों के बीच हुए कांटे की टक्कर वाले इस फाइनल मैच में पीबीपीजी कॉलेज ने 2-1 से जीत दर्ज की। खिताबी मुकाबले में विजेता टीम की तरफ से स्टार खिलाड़ी अब्दुल्ला और गोलकीपर ऋषभ यादव ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक-एक गोल दागा। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव प्रो. मुन्ना सिंह ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। पीबीपीजी महाविद्यालय की इस शानदार जीत पर प्रबंधक राजा अनिल प्रताप सिंह, प्राचार्य प्रो. अमित कुमार श्रीवास्तव और क्रीड़ा सचिव प्रो. उपेंद्र कुमार सिंह ने फुटबॉल टीम के कोच पप्पू रमेश और सभी होनहार खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)