पिहानी कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक:अधिकारियों ने दिए शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार संपन्न कराने के निर्देश
आगामी नवरात्र, रामलीला और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को हरदोई के पिहानी स्थित कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता एडिशनल एसपी अखिलेश सिंह ने की, जबकि इसका संचालन पिहानी के प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर हरियावा के क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम भी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान एडिशनल एसपी अखिलेश सिंह ने आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस-प्रशासन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए रामलीला, दुर्गापूजा और दशहरा आयोजनों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम और प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण सिंह ने आयोजन समितियों एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों से आपसी सौहार्द व सहयोग बनाए रखने की अपील की। बैठक में मौजूद सभी गणमान्य लोगों ने त्योहारों के दौरान पुलिस-प्रशासन को अपना हरसंभव सहयोग देने का पूरा भरोसा दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)