पीलीभीत में 51 फीट के रावण का होगा दहन:150 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा, दो ड्रोन से निगरानी
पीलीभीत में श्री रामलीला महोत्सव संचालन समिति के तत्वावधान में चल रहे 141वें ऐतिहासिक रामलीला मंचन के तहत बुधवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। शहर के रामलीला मैदान में शाम 7 बजे रावण दहन का मुख्य कार्यक्रम होगा। आयोजन में करीब 10 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन व आयोजन समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 51 फीट का रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले भी तैयार दशहरा मेले में 51 फीट ऊंचा रावण का पुतला आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। इसके साथ कुंभकरण और मेघनाद के पुतले भी लगभग तैयार हैं। कारीगरों द्वारा बनाए गए तीनों पुतलों की अनुमानित लागत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। 150 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा संभावित भीड़ को देखते हुए मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 150 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा और सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा समेत अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पूरे रामलीला मैदान और भीड़ की गतिविधियों पर दो ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। पुतला दहन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर रहेंगी। शाम 5 बजे से लागू होगा रूट डायवर्जन दशहरा मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए बुधवार शाम 5 बजे से विशेष रूट डायवर्जन लागू होगा। डिग्री कॉलेज चौराहे से रामलीला मैदान की ओर जाने वाला मार्ग बड़े वाहनों और कार समेत अन्य चार पहिया वाहनों के लिए बंद रहेगा। इसका उद्देश्य मेले में आने वाले लोगों को जाम और असुविधा से बचाना है। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि रावण दहन कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी आवंटित कर दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)