पीलीभीत में गन्ना किसानों का प्रदर्शन:बरखेड़ा चीनी मिल पर बकाया भुगतान न करने का आरोप, श्रमिक कार्ड नवीनीकरण की मांग
पीलीभीत में बरखेड़ा चीनी मिल से जुड़े गन्ना किसानों ने बकाया भुगतान और श्रमिक कार्ड का नवीनीकरण नहीं होने पर सोमवार को प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान निरंजनकुंज कॉलोनी स्थित कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार के आवास पर जुटे थे। किसानों को कलेक्ट्रेट तक मार्च करना था, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन से बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। चार महीने पहले भी उठाया था मुद्दा किसानों के जुटने की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट प्यारेलाल मौर्य और प्रशासनिक अधिकारी कुमुद गंगवार के आवास पहुंचे। बरखेड़ा चीनी मिल के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं। किसानों ने बताया कि बकाया भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार ने अधिकारियों से कहा कि करीब चार महीने पहले भी किसानों की इन समस्याओं को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बकाया भुगतान जल्द कराने की मांग की। DM से फोन पर कराई बात सिटी मजिस्ट्रेट प्यारेलाल मौर्य ने कुमुद गंगवार की जिलाधिकारी आलोक कुमार से फोन पर बात कराई। जिलाधिकारी ने समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया। वहीं, चीनी मिल अधिकारियों ने भी किसानों को जल्द बकाया भुगतान कराने का आश्वासन दिया। मौके पर सौंपा ज्ञापन, मार्च रद्द जिलाधिकारी से बातचीत और मिल अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ। कांग्रेस नेताओं ने मौके पर ही अधिकारियों को ज्ञापन सौंप दिया। इसके बाद कलेक्ट्रेट तक प्रस्तावित मार्च का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया और प्रदर्शन समाप्त हो गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)