पिता के अपहरण के आरोपों के बीच आयुष का VIDEO:शामली में बोला- प्रॉपर्टी का कोई लालच नहीं, पिता दंगा कराने जैसी बातें न करें; मैं ठीक हूं, खुश हूं

Oct 02, 2026 - 08:14
0
पिता के अपहरण के आरोपों के बीच आयुष का VIDEO:शामली में बोला- प्रॉपर्टी का कोई लालच नहीं, पिता दंगा कराने जैसी बातें न करें; मैं ठीक हूं, खुश हूं
शामली के चर्चित आयुष मलिक धर्मांतरण केस में नया मोड़ आ गया है। पिता के आरोपों के बाद आयुष ने आरोपों पर सफाई दी है। आयुष का कहना है कि 5-6 दिन पहले उसकी मां से बात हुई थी। किडनैपिंग कहां से होगी। उसे पिता की संपत्ति का कोई लालच नहीं है। वह पिता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहता और किसी पचड़े में नहीं पड़ना चाहता। दरअसल, गुरुवार को आयुष के पिता देवराज मलिक ने बेटे के दोस्त और दारुल उलूम देवबंद के मुफ्ती पर आयुष के अपहरण का आरोप लगाया था। कहा था- 16 सितंबर को हाईकोर्ट में पेशी के बाद से मेरा बेटा घर नहीं आया। आयुष के पिता ने आरोप लगाया था कि बेटे के दोस्त कारी सुल्तान और मुफ्ती अब्दुल्ला ने उसका दोबारा धर्म परिवर्तन करा दिया है। अब वे दोनों उन पर भी प्रॉपर्टी का हिस्सा देने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस आयुष के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। आयुष बोला- 5-6 दिन पहले मां से बात हुई थी आयुष ने वीडियो में कहा- 5-6 दिन पहले मां से बात हुई थी। किडनैपिंग कहां से होगी? मैंने वकीलों से भी बात की थी। मैंने कहा था कि बाउजी के खिलाफ मेरा कोई केस या एफआईआर नहीं है। मैं उनके साथ किसी तरह की पचड़ेबाजी नहीं चाहता। यह ठीक नहीं है। आयुष ने अपने पिता के आरोपों को लेकर कहा- जिस तरह की बातें बाउजी उठा रहे हैं, यह तो शामली में दंगे करवाने की बात है। अलग-अलग शहरों में दंगे करवाने की बात है। मैं ठीक हूं, खुश हूं। रही प्रॉपर्टी की बात तो वह कल भी उनकी थी, आज भी उनकी है। इस बात से बेफिक्र रहो। प्रॉपर्टी का क्यों बार-बार मसला ला रहे हो? मुझे दिक्कत होगी तो मैं खुद पुलिस को, मीडिया को बताऊंगा। कहा- थोड़ा डिस्टेंस दे रहा हूं, वक्त के साथ चीजें ठीक हों आयुष ने कहा कि वह फिलहाल लोगों से दूरी बनाए हुए है। मैं किसी से ताल्लुक नहीं बना रहा हूं। थोड़ा सा डिस्टेंस दे रहा हूं, टाइम दे रहा हूं कि चीजें वक्त के साथ ठीक हों। आयुष ने वीडियो में बताया कि वह हाईकोर्ट तक इसलिए गया था, क्योंकि अगर नॉर्मली जाऊंगा तो फिर ये वही करेंगे कि फलां पर एफआईआर कर दो, फलां पर केस कर दो। मैं हाईकोर्ट में इसलिए गया था। बिना कोर्ट के जाता तो वही फर्जी एफआईआर, फर्जी तहरीर होती। अब भी वही हाल है। अब पढ़िए पिता ने जो आरोप लगाए पिता का आरोप- हाईकोर्ट से लौटने के बाद बेटा घर नहीं आया आयुष के पिता देवराज मलिक का आरोप है कि 16 सितंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में पेशी के बाद उनका बेटा घर नहीं लौटा। उनके मुताबिक, सहारनपुर के जगहेता नसीब गांव निवासी कारी सुल्तान आयुष को अपने साथ ले गया। इसमें मुफ्ती अब्दुल्ला की भी कथित भूमिका होने का आरोप लगाया गया है। देवराज ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 18 सितंबर को कारी सुल्तान उनके पास आया था। उसने धमकी देते हुए कहा कि आयुष का दोबारा धर्म परिवर्तन करा दिया गया है। परिवार के लोगों पर भी धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया। पिता का दावा- प्रॉपर्टी देने का बनाया दबाव देवराज मलिक ने आरोप लगाया कि कारी सुल्तान ने कुछ संपत्ति अपने नाम और कुछ मुफ्ती अब्दुल्ला के नाम करने का दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर उन्हें, उनकी पत्नी और बेटे को जान से मारने तथा पूरी संपत्ति पर कब्जा करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पिता ने शिकायत में मुफ्ती अब्दुल्ला की कथित संलिप्तता की जांच की मांग की है। SP बोले- पहले दर्ज FIR में भी तथ्य शामिल एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आयुष के पिता देवराज मलिक की ओर से शिकायती पत्र मिला है। उन्होंने कहा कि देवराज मलिक की ओर से पहले दर्ज कराई गई एफआईआर में भी संबंधित तथ्यों को शामिल किया गया है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। हाईकोर्ट में आयुष ने कहा था- अपनी मर्जी से अपनाया था इस्लाम 16 सितंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में आयुष को पेश किया गया था। अदालत के रिकॉर्ड के मुताबिक, आयुष ने बताया था कि उसकी उम्र करीब 31 साल है और उसने बी.फार्मा तक पढ़ाई की है। उसने कहा था कि वर्ष 2014 में अपनी इच्छा से इस्लाम धर्म अपनाया था। उसके मुताबिक, धर्म परिवर्तन के लिए किसी तरह का दबाव, धमकी या लालच नहीं था। आयुष ने चांदनी कुरैशी से शादी करने की इच्छा भी जताई थी। कोर्ट ने उसे अपनी पसंद की जगह पर रहने, अपनी पसंद का धर्म मानने और वैवाहिक संबंध को लेकर कानून के मुताबिक निर्णय लेने की स्वतंत्रता दी थी। 15 दिन बाद हिंदू धर्म में लौटने का VIDEO आया था हाईकोर्ट में पेशी के करीब 15 दिन बाद आयुष का एक वीडियो सामने आया था। इसमें उसने कहा था कि मां की परेशानी को देखते हुए वह अपनी मर्जी से अपने मूल धर्म हिंदू धर्म में वापस आ गया है। उसने परिवार से माफी मांगने की बात भी कही थी। इससे पहले 9 सितंबर को आयुष के दोस्त मोहम्मद सुल्तान ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि आयुष को जबरन घर में कैद करके रखा गया है। इसी याचिका पर कोर्ट ने आयुष को 16 सितंबर को पेश करने का आदेश दिया था। हिंदू संगठनों के विरोध के बाद दर्ज हुई थी FIR मामला सामने आने के बाद योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि भारत मेडिकल स्टोर के मालिक के इकलौते बेटे को चांदनी कुरैशी ने अपने प्रभाव में लिया है। इसके बाद हिंदू संगठनों ने विरोध शुरू किया था। पुलिस ने चांदनी कुरैशी, उसके पिता इस्लाम कुरैशी और तीन मौलवियों समेत 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने 7 जून को चांदनी कुरैशी और उसके पिता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। करीब डेढ़ महीने न्यायिक हिरासत में रहने के बाद 24 जुलाई को कोर्ट ने पिता-बेटी को जमानत दी थी। 9 सितंबर को हाईकोर्ट में याचिका, 16 सितंबर को पेश हुआ आयुष पूरे घटनाक्रम में 9 सितंबर को आयुष के दोस्त मोहम्मद सुल्तान की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई। इसमें आयुष को जबरन घर में रखने का आरोप लगाया गया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर 16 सितंबर को आयुष को हाईकोर्ट में पेश किया गया। अदालत में आयुष ने अपनी मर्जी से इस्लाम अपनाने और चांदनी कुरैशी के साथ शादी करने की इच्छा जताई। इसके बाद करीब 15 दिन बाद उसके हिंदू धर्म में लौटने की बात वाला वीडियो सामने आया। अब पिता के अपहरण और प्रॉपर्टी से जुड़े आरोपों के बीच आयुष का नया सफाई वाला वीडियो सामने आया है। -------------------------------------- ये खबर भी पढ़ेंः- यूपी में मुस्लिम बनने वाले करोड़पति युवक का अपहरण:पिता बोले- दोस्त और मुफ्ती ने बेटे को गायब किया, अब मुझे भी धमका रहे शामली के चर्चित आयुष मलिक धर्मांतरण केस में नया मोड़ आ गया है। दवा कारोबारी पिता ने बेटे के दोस्त और दारुल उलूम देवबंद के मुफ्ती पर आयुष के अपहरण का आरोप लगाया है। देवराज मलिक ने कहा- 16 सितंबर को हाईकोर्ट में पेशी के बाद से मेरा बेटा घर नहीं आया। आयुष के पिता के मुताबिक, बेटे के दोस्त कारी सुल्तान और मुफ्ती अब्दुल्ला ने उसका दोबारा धर्म परिवर्तन करा दिया है। अब वे दोनों उन पर भी प्रॉपर्टी का हिस्सा देने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस आयुष के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User