पिता ने 20 साल की बेटी को बंधक बनाकर रखा:भदोही में खाना-पानी न मिलने से हड्डियां-मांस तक गला, बदबू आने पर पड़ोसियों ने बुलाई पुलिस
भदोही में बंद मकान में एक 20 साल की युवती बीमार हालत में मिली है। उसके कमर के नीचे के हिस्से की हड्डियां और मांस गल चुका है। पैरों के नाखून काफी बड़े हो गए थे। गंदगी के चलते पूरे शरीर से बदबू आ रही थी। आरोप है कि पिता ने बेटी को बंधक बनाकर रखा था। उसे कई महीनों से खाना-पनी नहीं दिया गया था। उसे छत पर टीनशेड के नीचे जमीन पर रखा गया था। लंबे समय से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस लड़की के घर पहुंची। छत पर देखा तो हैरान रह गई। युवती पुलिस को देखते ही पानी मांगने लगी। किसी तरह उसे उठाकर नीचे लाया गया, एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल लाया गया,एंबुलसें में ही उसने डेढ़ लीटर पानी पी लिया। जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय से खाना-पीना न मिलने की वजह से युवती का शरीर गलने लगा था। जांच में उसकी बॉडी में हीमोग्लोबिन मात्र 6 ग्राम मिला है। प्लेटलेट काउंट 59 हजार पाया गया है। उसके पेट में हाई लेवल इंफेक्शन पाया गया है। अल्ट्रासाउंड में पेट में पानी भरे होने की बात सामने आ रही है। उसकी जान बचाने के लिए एक यूनिट ब्लड चढ़ाया गया है। ये मामला जिला मुख्यालय के राजा बाजार इलाके का है। दो तस्वीरें देखें अब समझिए पूरा मामला बताया जाता है कि नन्हकू मोदनवाल (50) ने तीन शादियां की थी। पहली पत्नी की करीब 10 साल पहले हो गई थी।पहली पत्नी से एक बेटा था, उसकी भी बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। इसके बाद नन्हकू ने दूसरी शादी की। दूसरी पत्नी की भी 5 साल पहले मौत हो चुकी है। दूसरी पत्नी से एक 15 साल का बेटा और पीड़ित युवती है। दूसरी पत्नी की मौत के बाद उसने तीसरी शादी भी की लेकिन 2 साल तीसरी पत्नी उसे छोड़कर चली गई। परिवार में आरोपी पिता के अलावा दूसरी पत्नी का बेटा और बेटी ही बचे हैं। 15 साल का भाई बोला- मुझे धमकाकर चुप कराते रहे नन्हकू के 15 साल के बेटे ने बताया- मेरी बहन को पापा घर से निकलने नहीं देते थे। वो उसे करीब 4 महीने से छत पर कैद करके रखे रहे। मुझे धमकाया कि अगर किसी को बताया तो मुझे और मेरी बहन को जान से मार देंगे। जिसके चलते मैं डर गया और चुप रहा। भाई का आरोप ये भी है कि पिता किसी को भी घर नहीं आने देते थे। वो शहर में दुकान में समोसे बेचते हैं। कोई आता था तो उसे अपने पास ही बुला लेते थे। पुलिस को देखते ही पानी मांगा, डेढ़ लीटर पानी पी गई पड़ोसी चंदन जायसवाल के मुताबिक, सोमवार दोपहर को काफी बदबू आने के बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस के साथ घर गए तो जाने पर युवती बेहद खराब हालत में मिली। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। हम लोगों ने उसे कपड़े पहनाए और इसके बाद एंबुलेंस से 300 मीटर दूर महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल भेजा गया। रास्ते में युवती ने करीब डेढ़ लीटर पानी पीया। भूख लगने की बात कही तो उसे बिस्किट और नाश्ता दिया गया। युवती खाने-पीने के लिए काफी बेचैन थी। हाथ-पैर बांधे जाने के निशान मिले युवती का शरीर अत्यधिक कमजोर हो चुका है। उसके शरीर पर घाव जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं।ऐसे निशान भी मिले हैं जिन्हें देखकर लग रहा है कि उसे हाथ-पैर पर बांधकर रखा गया होगा।
चंदन ने बताया - युवती पहले सामान्य थी और पढ़ाई करती थी। दो महीने से खाना-पानी नहीं मिला जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. धीरेंद्र के अनुसार, युवती को सोमवार रात करीब 8 बजे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। युवती ने लड़खड़ाती जुबान से बताया कि करीब दो महीने से उसे खाना नहीं दिया गया। उसके शरीर की फैट लेयर और मांसपेशियां काफी कम हो गई हैं, जो लंबे समय तक पर्याप्त भोजन नहीं मिलने की स्थिति की ओर संकेत करती हैं। पड़ोसी बोला- पढ़ने में अच्छी थी, अंग्रेजी बोलना सीख रही थी एक अन्य पड़ोसी मोनू ने बताया - युवती पढ़ने-लिखने में अच्छी थी। उसने कुछ समय पहले गोपीगंज में बीए में दाखिला लिया था। वह कुछ समय तक अंग्रेजी स्पोकन क्लास भी करती थी। लेकिन इधर कई दिनों से दिखाई नहीं दे रही थी। पहले उसकी स्थिति सामान्य थी और वह लोगों से बातचीत करती थी। पिता बोला- बुखार और लूज मोशन हो रहा था युवती के पिता ने बंधक बनाने के आरोपों को नकार दिया। उसका कहना है कि बेटी को बुखार और लूज मोशन की समस्या थी। शरीर के पिछले हिस्से में फोड़े-फुंसी भी हो गए थे। जिसका इलाज कराया जा रहा था। घर में जो खाना बनता था, वह बेटी को दिया जाता था। पिछले तीन-चार दिन से वो चल-फिर नहीं पा रही थी। लेकिन मैंने उसे अस्पताल में भर्ती नहीं कराया था।
सूचना मिलने पर एसडीएम ज्ञानपुर अरुण दीक्षित और सीओ चमन चावड़ा जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों ने युवती और उसके पिता से बातचीत की। डॉक्टरों ने लगातार निगरानी रखने को कहा। एसडीएम अरुण दीक्षित ने बताया - एक युवती कुछ दिनों से बीमार थी और परिवार उसका ठीक से इलाज नहीं करा पा रहा था। जिससे उसका शरीर कमजोर हो गया है। अब उसका इलाज कराया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)