पीटी कराते समय जवान को साइलेंट अटैक, मौत:हाथरस में पार्थिव शरीर पहुंचेगा घर, श्रीनगर में थी तैनाती
हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के ऊंचागांव निवासी सीआरपीएफ जवान प्रमोद कुमार शर्मा (43) का श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। रविवार तड़के वह जवानों को पीटी करा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें साइलेंट अटैक आया। सीआरपीएफ अधिकारियों ने उन्हें तत्काल डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। 2005 में सीआरपीएफ में हुए थे भर्ती प्रमोद कुमार शर्मा वर्ष 2005 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। उनके चचेरे भाई पंकज शर्मा ने बताया कि प्रमोद कुमार अपने पिता सुरेश चंद्र शर्मा के चार बेटों में सबसे छोटे थे। वह बचपन से ही पढ़ाई में होनहार थे। नौकरी में आने के बाद उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाया। श्रीनगर में तैनाती के दौरान ड्यूटी करते हुए उनकी अचानक मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है। दिल्ली पहुंचा पार्थिव शरीर सीआरपीएफ की ओर से जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद प्रमोद कुमार का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह हवाई जहाज से दिल्ली लाया गया। इसके बाद सोमवार दोपहर बाद पार्थिव शरीर अलीगढ़ स्थित उनके निवास नंदनवन कॉलोनी फेस वन, मेलरोज बाईपास पर पहुंचने की जानकारी है। यहां सीआरपीएफ जवान को सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। अंतिम संस्कार की तैयारियां परिवार की ओर से की जा रही हैं। अविवाहित थे प्रमोद, गांव में पसरा मातम प्रमोद कुमार शर्मा अविवाहित थे। उनकी मौत की खबर जैसे ही ऊंचागांव पहुंची, गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन और ग्रामीण अलीगढ़ स्थित उनके आवास पर पहुंच चुके हैं। अचानक हुई जवान की मौत से हर कोई स्तब्ध है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रमोद कुमार मिलनसार और होनहार व्यक्ति थे। उनके निधन से गांव ने अपना एक जांबाज बेटा खो दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)