पंजाब में शाहजहांपुर के किशोर की हत्या:ईंट प्लांट मालिक को बचाने पहुंचा था, तलवार-चाकू से हमला, चाचा की हालत गंभीर

Oct 18, 2026 - 14:49
0
पंजाब में शाहजहांपुर के किशोर की हत्या:ईंट प्लांट मालिक को बचाने पहुंचा था, तलवार-चाकू से हमला, चाचा की हालत गंभीर
पंजाब के कपूरथला में शनिवार दोपहर इंटरलॉकिंग प्लांट पर हुए हमले में शाहजहांपुर के किशोर की हत्या कर दी। प्लांट मालिक का कुछ लोगों से विवाद हुआ तो किशोर और उसके चाचा बीच-बचाव करने पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने दोनों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल किशोर को जालंधर के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं चाचा की हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार सदमे में है। पुवायां थाना क्षेत्र के इमलिया गांव निवासी रजनीश अपने पिता राजकुमार, चचेरे भाई विकास, चाचा ओमपाल, दुर्वेश और विकास की पत्नी अंशिका के साथ 2 सितंबर को पंजाब के कपूरथला जिले के बजाजा गांव स्थित इंटरलॉकिंग प्लांट पर काम करने गए थे। उनके साथ सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र का रहने वाला गीतेश भी था। मालिक से विवाद के बाद हमलावरों ने किया हमला परिजनों के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब दो बजे प्लांट मालिक का कुछ लोगों से विवाद हो गया। मालिक को बचाने के लिए रजनीश और ओमपाल आगे आए। इसी दौरान आरोपियों ने तलवार और चाकू जैसे धारदार हथियारों से दोनों पर हमला कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। जालंधर के अस्पताल में रजनीश की मौत घायल चाचा-भतीजे को इलाज के लिए जालंधर के अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय रजनीश को मृत घोषित कर दिया। ओमपाल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। परिजनों के मुताबिक, हमले के वक्त रजनीश के पिता राजकुमार भी मौके पर मौजूद थे। दीपावली से पहले घर लौटने की थी तैयारी ओमपाल की पत्नी रेखा ने बताया कि उनके पति ने दो दिन पहले फोन कर परिवार का हालचाल लिया था। उन्होंने कहा था कि सभी लोग दीपावली से दो-तीन दिन पहले घर लौटेंगे। परिवार को उम्मीद नहीं थी कि इसके पहले ही भतीजे की मौत और पति के गंभीर रूप से घायल होने की खबर मिल जाएगी। रजनीश तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत के बाद मां सूरत देवी, भाई अवनीश और बहन निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ओमपाल के परिवार में विवाहित बेटी रोली, अविवाहित बेटी शिल्पी और बेटे विकास व अनुज हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User