पनकी में नकली सीमेंट फैक्ट्री पर एसओजी-पुलिस का छापा:एसीसी-अंबुजा समेत कई ब्रांडों की एक हजार से अधिक बोरियां बरामद

Oct 14, 2026 - 16:29
0
पनकी में नकली सीमेंट फैक्ट्री पर एसओजी-पुलिस का छापा:एसीसी-अंबुजा समेत कई ब्रांडों की एक हजार से अधिक बोरियां बरामद
कानपुर के पनकी के इस्पात नगर में नकली सीमेंट बनाने और नामी कंपनियों के ब्रांड के नाम पर उसे बाजार में खपाने के संदेह में बुधवार को एसओजी टीम और पनकी पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारा। छापेमारी के दौरान मौके से अडानी ग्रुप की एसीसी सीमेंट और अंबुजा सीमेंट समेत कई कंपनियों के नाम की एक हजार से अधिक बोरियां बरामद हुईं। परिसर में दो ट्रक भी खड़े मिले, जिनमें माल लादा जा रहा था। हालांकि, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही फैक्ट्री संचालक और कर्मचारी मौके से गायब हो गए। टीम ने बरामद सीमेंट और मौके पर मिले अन्य सामान के संबंध में जांच शुरू कर दी है। अडानी ग्रुप की ओर से मिली शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। कंपनी के सेल्स सीनियर मैनेजर मुमताज हक के मुताबिक, पनकी थाना क्षेत्र में काफी समय से एसीसी और अंबुजा सीमेंट के नाम पर नकली सीमेंट बेचे जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कंपनी की विजिलेंस टीम से मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने का दावा किया गया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर कार्रवाई की मांग की गई। विजिलेंस की जांच के बाद पुलिस आयुक्त से की शिकायत मुमताज हक ने बताया कि कंपनी को लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि बाजार में एसीसी और अंबुजा के नाम पर नकली सीमेंट की बिक्री की जा रही है। इससे कंपनी के ब्रांड की छवि प्रभावित होने के साथ ही ग्राहकों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका थी। कंपनी की विजिलेंस टीम से जांच कराने के बाद उन्होंने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद एसओजी टीम और पनकी पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की योजना बनाई। इस्पात नगर में छापेमारी, ट्रकों में लादा जा रहा था माल बुधवार को पुलिस टीम ने पनकी के इस्पात नगर स्थित परिसर में छापा मारा। यहां बड़ी संख्या में सीमेंट की बोरियां रखी मिलीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद बोरियों पर एसीसी और अंबुजा समेत कई कंपनियों के नाम दर्ज थे। परिसर में दो ट्रक भी खड़े थे, जिनमें माल लादा जा रहा था। पुलिस के पहुंचते ही इलाके में हलचल मच गई, लेकिन मौके पर फैक्ट्री संचालक या कोई कर्मचारी नहीं मिला। जांच के बाद सामने आएगा पूरा नेटवर्क एक ही परिसर से अलग-अलग कंपनियों के नाम की बड़ी मात्रा में सीमेंट मिलने के बाद पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सीमेंट कहां तैयार किया जा रहा था, बोरियों पर ब्रांड के नाम और पहचान का इस्तेमाल कैसे किया जा रहा था और इसकी आपूर्ति किन इलाकों में की जाती थी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं और ट्रकों के जरिए माल कहां भेजा जाना था। फिलहाल बरामद सीमेंट की मात्रा, उसकी गुणवत्ता और ब्रांड की प्रामाणिकता की जांच महत्वपूर्ण होगी। मामले में संचालक और कर्मचारियों की पहचान कर उनकी भूमिका का पता लगाने के साथ ही संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल भी की जाएगी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नकली सीमेंट के कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User