प्रेमिका से शादी की ज़िद में टॉवर पर चढ़ा आशिक:गले में रस्सी का फंदा डालकर कूदने की धमकी दी; प्रेमिका के 'हां' कहते ही 1.5 घंटे बाद उतरा नीचे
बुलंदशहर के अहार बस अड्डे के पास शुक्रवार को हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। प्यार में नाकाम होने के डर से एक सिरफिरा आशिक सीधे मोबाइल टॉवर पर जा चढ़ा। हाथ में रस्सी का फंदा लेकर उसने धमकी दी कि अगर प्रेमिका से शादी नहीं कराई गई, तो वह टॉवर से छलांग लगा देगा। करीब डेढ़ घंटे चले ड्रामे के बाद जब पुलिस ने प्रेमिका को मौके पर बुलाकर बात कराई और शादी का भरोसा दिलाया, तब जाकर युवक नीचे उतरा। प्रेमिका के घर वालों ने दूसरी जगह तय कर दी थी शादी जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ के खैर क्षेत्र के बाकनेर निवासी अजय का डिबाई क्षेत्र की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। अजय ने बताया कि युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे और उसकी शादी कहीं और तय कर रहे थे। परिजनों ने युवती को अहार क्षेत्र में रहने वाली उसकी बहन के घर भेज दिया था। अजय अपनी प्रेमिका से मिलने अहार पहुंचा था, लेकिन मुलाकात न होने पर वह आपा खो बैठा और पास ही स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। गले में फंदा डालकर दी कूदने की धमकी अजय टॉवर की ऊंचाई पर जाकर बैठ गया और गले में फंदा डालकर चिल्लाने लगा। उसने शर्त रखी कि जब तक उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा। टॉवर पर युवक को चढ़ा देख नीचे लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लाउडस्पीकर से समझाया, प्रेमिका ने दिया शादी का भरोसा सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राहुल कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने लाउडस्पीकर और फोन के जरिए युवक को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी ज़िद पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए युवती का पता लगाया और उसे मौके पर बुलाया। युवती ने जब फोन पर अजय से बात की और शादी करने की बात मानी, तब जाकर आशिक का गुस्सा शांत हुआ। सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद युवक सकुशल टॉवर से नीचे उतरा, जिसके बाद पुलिस राहत की सांस ले सकी। थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा है। युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। दोनों पक्षों को थाने लाकर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)