प्रयागराज नगर निगम में लिंटर गिरने से फरियादी की मौत:जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनी, तीन दिन में देगी रिपोर्ट

Oct 09, 2026 - 20:29
0
प्रयागराज नगर निगम में लिंटर गिरने से फरियादी की मौत:जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनी, तीन दिन में देगी रिपोर्ट
प्रयागराज के खुल्दाबाद की लकड़ी मंडी स्थित नगर निगम के जोन-एक कार्यालय में निर्माणाधीन भवन का लिंटर गिरने से फरियादी मोहम्मद खुर्शीद (55) की मौत के मामले में नगर निगम प्रशासन ने जांच कमेटी गठित कर दी है। नगर आयुक्त सीलम साई तेजा ने तीन सदस्यीय टीम को हादसे की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने और अन्य खामियां मिलने की बात कही है। कार्यदायी संस्था पर जुर्माना लगाने की भी बात कही गई है। नगर निगम की ओर से आठ अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, निर्माणाधीन भवन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था। घटना की जानकारी मिलते ही नगर आयुक्त ने जांच के निर्देश दिए और कमेटी गठित की। इसमें अपर नगर आयुक्त राजीव शुक्ला, मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान और सहायक अभियंता गिरीश कुमार को शामिल किया गया है। टीम भवन के क्षतिग्रस्त हिस्से और निर्माण कार्य की स्थिति की जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी। खसरा बनवाने पहुंचे थे खुर्शीद बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुए हादसे के समय करेली के जेके आशियाना निवासी मोहम्मद खुर्शीद नगर निगम कार्यालय में मकान के खसरे की नकल बनवाने पहुंचे थे। बताया गया कि निर्माणाधीन नई इमारत का लिंटर पास की पुरानी बिल्डिंग के खपरैलनुमा शेड पर गिर गया। इसके मलबे की चपेट में आने से खुर्शीद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों के अनुसार, लिंटर ढालने के करीब 24 घंटे बाद ही शटरिंग खोल दी गई थी। इसे हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से बन रहे नए जोनल कार्यालय का निर्माण चार मई से शुरू हुआ था और इसे आठ सितंबर तक पूरा किया जाना था। बताया गया कि हादसे के समय तक करीब 70 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User