प्रगतिशील मानव समाज पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारी की:बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने, चारों सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया
चंदौली के विकास भवन के पास रविवार दोपहर प्रगतिशील मानव समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में पार्टी ने हर गांव में जन चौपाल लगाने का फैसला किया। इसके साथ ही झंडा अभियान और वॉल राइटिंग के जरिए संगठन की गतिविधियों को गांवों तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव से पहले बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाएगी, ताकि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके। चारों सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव में चंदौली जिले की चारों विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया। उन्होंने दावा किया कि कई राजनीतिक दल प्रगतिशील मानव समाज पार्टी से गठबंधन करना चाहते हैं, लेकिन पार्टी गठबंधन को लेकर अपनी शर्तों और जनता के हितों को प्राथमिकता देगी। भ्रष्टाचार-बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरा बैठक में पदाधिकारियों ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, भूख, बेरोजगारी और आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी का आरोप लगाया। मंडल अध्यक्ष गणेश प्रसाद बिंद ने कहा कि पार्टी जनता की सुरक्षा और रोजगार के मुद्दे को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। वहीं युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष आलोक सिंह ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन अच्छा रहा था। इसी को देखते हुए इस बार जिले की चारों सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है। बैठक में मुन्नालाल बियार, उमाशंकर श्रीवास्तव, राजेश खरवार, भानु प्रताप बिन्द, काशीनाथ बिन्द, बेचन बिन्द, मोहन रसिया, अशोक कुमार बिंद, मोतीलाल और रमेश बिंद समेत पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)