प्रह्लाद यादव बोले- भाजपा प्रत्याशी चौथे स्थान पर पहुंचे:शिक्षकों के मानदेय बढ़ाने; रिटायरमेंट उम्र को 65 तक करने का ऐलान

Oct 18, 2026 - 16:46
0
प्रह्लाद यादव बोले- भाजपा प्रत्याशी चौथे स्थान पर पहुंचे:शिक्षकों के मानदेय बढ़ाने; रिटायरमेंट उम्र को 65 तक करने का ऐलान
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशी डॉ. संजयंत त्रिपाठी को जिताने के लिए ताकत झोंक दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और गोरखपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रह्लाद यादव ने प्रेस वार्ता कर शिक्षकों से एकजुट होकर सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने भाजपा सरकार पर शिक्षकों की मांगों और मानदेय की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर राज्य विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों की रिटायरमेंट उम्र 62 से बढ़ाकर 65 वर्ष की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में भाजपा प्रत्याशी चौथे स्थान पर खिसक चुके हैं और प्रदेश का पीड़ित, दुखी व अपमानित वर्ग बदलाव चाहता है। शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का दावा प्रह्लाद यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षकों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर संघर्ष करती रही है। वर्तमान में शिक्षक वर्ग कई समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में शिक्षकों को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि सपा ही शिक्षकों की समस्याओं को मजबूती से उठा सकती है। उन्होंने शिक्षकों और मतदाताओं से अपील की कि वे पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. संजयंत त्रिपाठी को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को विधान परिषद में प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। भाजपा सरकार पर साधा निशाना प्रह्लाद यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों के शासनकाल में मानदेय शिक्षकों की समस्याओं और उनकी मांगों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। न्होंने कहा कि शिक्षक लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षकों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनकी मांगों को पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। राज्य विश्वविद्यालयों में रिटायरमेंट उम्र 65 साल करने का वादा प्रेस वार्ता में प्रह्लाद यादव ने राज्य विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों की सेवानिवृत्ति की उम्र का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रोफेसरों की रिटायरमेंट उम्र 65 वर्ष है, जबकि उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में यह 62 वर्ष है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर राज्य विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों की सेवानिवृत्ति की उम्र भी केंद्रीय विश्वविद्यालयों के समान 65 वर्ष की जाएगी। उनके मुताबिक, यह कदम विश्वविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के हित में होगा। भाजपा प्रत्याशी के चौथे स्थान पर होने का दावा प्रह्लाद यादव ने चुनाव में भाजपा की स्थिति पर कटाक्ष करते हुए दावा किया कि पार्टी का प्रत्याशी अपनी ही नीतियों के कारण चौथे स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों में सरकार के प्रति नाराजगी है और इसका असर चुनाव में देखने को मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के हर वर्ग, धर्म और जाति के लोगों के साथ युवाओं में भी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के प्रति उत्साह बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित, दुखी और अपमानित वर्ग अब बदलाव चाहता है और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए एकजुट हो रहा है। प्रह्लाद यादव ने शिक्षकों से अपील की कि वे डॉ. संजयंत त्रिपाठी के समर्थन में एकजुट होकर मतदान करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा की जीत शिक्षकों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User