प्रयागराज छिवकी स्टेशन से मोबाइल चोर गिरफ्तार:20 हजार के दो चोरी के मोबाइल बरामद, GRP और RPF ने पकड़ा

Oct 19, 2026 - 21:34
0
प्रयागराज छिवकी स्टेशन से मोबाइल चोर गिरफ्तार:20 हजार के दो चोरी के मोबाइल बरामद, GRP और RPF ने पकड़ा
प्रयागराज रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में जीआरपी प्रयागराज और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक कथित मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। दोनों मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज चोरी के दो मुकदमों का खुलासा किया है। जीआरपी पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर को प्रयागराज रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में चोरी व छिनैती की घटनाओं की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के पर्यवेक्षण और जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। उपनिरीक्षक अजय यादव, प्रभारी चौकी जीआरपी छिवकी और आरपीएफ की टीम ने प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हावड़ा छोर की तरफ पेड़ के पास सुबह करीब 10:35 बजे एक युवक को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान शुभम गुप्ता (24) पुत्र रमेश गुप्ता, निवासी इंद्रामील, राघोपुर, थाना कोतवाली, जिला भदोही के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से वीवो कंपनी का नीले रंग का मोबाइल फोन और रियलमी कंपनी का काले रंग का मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोनों मोबाइल बिना सिम के चालू हालत में थे। जांच में वीवो मोबाइल को मुकदमा संख्या 337/2026 और रियलमी मोबाइल को मुकदमा संख्या 424/2026 से संबंधित पाया गया। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी) और 317(2) के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से चोरी के इन दोनों मामलों का खुलासा हुआ है। जीआरपी के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए पुलिस की ओर से अभियान जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User