सूबेदारगंज में NCR स्काउट्स-गाइड्स ने डांडिया नाइट्स का आयोजन किया:बच्चे और अभिभावक डांडिया की धुन पर थिरके

Oct 19, 2026 - 21:34
0
सूबेदारगंज में NCR स्काउट्स-गाइड्स ने डांडिया नाइट्स का आयोजन किया:बच्चे और अभिभावक डांडिया की धुन पर थिरके
प्रयागराज में नवरात्रि और दुर्गा अष्टमी के पावन पर्व पर उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की सूबेदारगंज यूनिट ने रविवार को एक शानदार मिसाल पेश की। राज्य प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज के प्रांगण में ‘एकीकरण एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम’ के तहत डांडिया नाइट्स का भव्य आयोजन किया गया। इस पूरे कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सजावट से लेकर पूरी व्यवस्था की कमान पहली बार युवा यूनिट लीडरों ने खुद संभाली। रंग-बिरंगी रोशनियों और आकर्षक सजावट से जगमगाते परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. आशीष अग्रवाल (अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक व राज्य आयुक्त-कब) एवं रचना अग्रवाल (राज्य आयुक्त-बुलबुल) ने मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण, पूजन व आरती करके की। समारोह में विशिष्ट अतिथि अंकुर चक्रवर्ती (सहायक जिला आयुक्त-स्काउट, प्रयागराज मंडल) सपरिवार उपस्थित रहे, जबकि आयुषी भटनागर (उपाध्यक्ष, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उ.म.रे.) ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। आयोजन में रेलवे कॉलोनियों के कर्मचारियों, अधिकारियों, बच्चों और उनके अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। डांडिया नाइट के दौरान हुई ‘फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता’ में 3 साल के नन्हे कब-बुलबुल से लेकर अतिथियों तक ने रैंप वॉक कर समां बांध दिया। बच्चों ने एकल और समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनके विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के अंतिम दौर में बच्चे, अभिभावक और अतिथि सभी डांडिया की धुन पर एक साथ थिरक उठे। देर रात तक पूरा परिसर संगीत, गरबा और उत्सव के उल्लास में डूबा रहा। संस्था के नन्हें सदस्यों ने मेहमानों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा। अष्टमी का व्रत रखने वालों के लिए फलाहार और बाकी सभी के लिए हलवा-चना प्रसाद व पेयजल का सुचारू प्रबंध किया गया। कार्यक्रम में राज्य संगठन आयुक्त रविकांत शर्मा, मंजू जोशी, पंकज राज कनौजिया, लिपिका गोस्वामी और शिशुपाल यादव ने सपरिवार पहुंचकर युवाओं की टीम भावना और अनुशासन की मुक्तकंठ से सराहना की। इस सफल आयोजन की मुख्य संचालक पूजा शर्मा, व्यवस्थापक प्रियांशु व आकाश यादव रहे। मंच संचालन सोनाली शर्मा व मुस्कान ने किया, जबकि सारिका, पूजा रानी, सोनम, ऋतु, अंकिता, शुभम, ललित, प्रीत, अभिषेक, संस्कार और गौरव ने व्यवस्थाओं में अहम भूमिका निभाई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User