प्रयागराज में स्नातक एमएलसी चुनाव:22 अक्टूबर को मेरी लूकस कॉलेज से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, बूथों पर होगी वीडियोग्राफी
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सोमवार को संगम सभागार में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। मतदान करने के लिए पोलिंग पार्टियां मेरी लूकस कालेज से 22 अक्टूबर की सुबह रवाना हो जाएंगी। जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बिजली, पानी, साफ-सफाई, वीडियोग्राफी और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील बूथों की पहचान कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को अपने क्षेत्र से संबंधित आवश्यक जानकारियां उपलब्ध रखने तथा मतदान के दौरान किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित जोनल अधिकारी को देने को कहा, ताकि उसका समय से निस्तारण हो सके।
उन्होंने मतदान निर्धारित समय पर शुरू कराने, इसकी सूचना समय से उपलब्ध कराने और मतदान समाप्ति के बाद सीलबंद मतपेटियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्ट्रांग रूम में जमा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी तरह की अव्यवस्था न हो और सभी अधिकारी निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। अपर जिलाधिकारी प्रशासन उपमा पांडेय ने बताया कि मतदान दलों की रवानगी 22 अक्टूबर को मेरी लूकस कॉलेज से होगी। मतदान दलों को समय से निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने और उन्हें सुरक्षित तरीके से संबंधित बूथों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)