प्रयागराज जंक्शन पर चलती ट्रेन में महिला से छिनैती:ज्वैलरी-कैश से भरा पर्स छीनकर भागा युवक, RPF-GRP ने टरकाया
प्रयागराज में मगध एक्सप्रेस में सफर कर रही 51 साल की महिला से एक युवक गहनों और नकदी से भरा बैग छीनकर चलती ट्रेन से कूद गया। पीड़ित के मुताबिक, घटना 13 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे जंक्शन पर हुई। युवक कोच के भीतर पहुंचा और महिला से बैग छीनकर भाग निकला। बैग में सोने की चेन, दो अंगूठियां, दो ईयररिंग, 15 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, डेबिट और क्रेडिट कार्ड समेत अन्य सामान था।
घटना के बाद महिला ने प्रयागराज जंक्शन पर आरपीएफ, जीआरपी से मदद मांगी, लेकिन आरोप है कि उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद महिला को अपने गंतव्य इस्लामपुर पहुंचने पर भी जीआरपी में शिकायत दर्ज कराने के लिए परेशान होना पड़ा। अब महिला की बेटी निशु सिंह ने इस मामले में रेलवे से शिकायत की है।
बैग में रखे डेबिट कार्ड से निकाले 15 हजार रुपये
बेटी के मुताबिक, बैग छीनने के बाद उसमें रखे डेबिट कार्ड से 15 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। यह ट्रांजेक्शन प्रयागराज के तुलारामबाग स्थित एक एटीएम से हुआ था। परिवार का कहना है कि एटीएम से रुपये निकाले जाने की सूचना मिलने के बाद इस बारे में आरपीएफ को जानकारी दी गई।
बैग में एक मोबाइल फोन भी था। परिवार के मुताबिक, घटना के बाद उस मोबाइल पर कॉल करने पर घंटी बज रही थी। महिला और उसके परिजनों ने आरपीएफ को मोबाइल फोन तथा एटीएम ट्रांजेक्शन से जुड़े मैसेज की जानकारी देकर कार्रवाई करने काे भी कहा। इसके बावजूद उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई।
आरपीएफ ने जीआरपी के पास भेजा
परिवार का आरोप है कि घटना के बाद प्रयागराज जंक्शन पर मौजूद आरपीएफ के जवान को घटना की जानकारी दी गई। बताया कि बैग में मौजूद मोबाइल फोन अभी चालू है और उस पर रिंग जा रही है। डेबिट कार्ड से तुलारामबाग के एटीएम से 15 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज भी आया है।
आरोप है कि आरपीएफ जवान ने जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा। जीआरपी में जाने पर यात्रा जारी रखने और गंतव्य स्टेशन पहुंचकर शिकायत करने की सलाह दी गई।
इस्लामपुर जीआरपी ने भी नहीं ली शिकायत
परिवार के मुताबिक, इस्लामपुर पहुंचने के बाद महिला ने वहां की जीआरपी में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मी ने शिकायत लेने से इनकार कर दिया। महिला काफी देर तक शिकायत दर्ज करने का आग्रह करती रही। वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी पुलिसकर्मी से शिकायत लेने के लिए कहा।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मी ने एक सादा कागज दिया और उस पर घटना का विवरण लिखने के लिए कहा। महिला ने कागज पर अपनी शिकायत लिखकर हस्ताक्षर कर दिए, लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उसे भी तत्काल स्वीकार नहीं किया। उसने फतुहा जाकर शिकायत दर्ज कराने और इसके बाद जीरो एफआईआर दर्ज कराने की बात कही।
बेटी ने रेलवे से की शिकायत
इस मामले में महिला की बेटी निशु सिंह ने रेलवे से शिकायत की है। परिवार ने ट्रेन में बैग छीनने की घटना के साथ ही वारदात के बाद आरपीएफ और जीआरपी की ओर से कथित तौर पर शिकायत दर्ज नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया है। RPF इंस्पेक्टर ने बताया, फतुहा में FIR दर्ज
इस मामले में आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित राणा ने बताया कि मामला छिनैती नहीं, चोरी का है। महिला लोकेशन नहीं बता पा रही थी। सीसीटीवी फुटेज चेक कराए गए लेकिन इसमें कुछ नहीं मिला। फिलहाल फतुहा में एफआईआर हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)