प्रयागराज के दो मंदिरों में तीन दिन देवी गीत गूंजेंगे:मिशन शक्ति के तहत सप्तमी से नवमी तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
शारदीय नवरात्रि के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रयागराज के प्रमुख देवी मंदिरों में तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मां अलोपी शंकरी मंदिर और मां कल्याणी देवी मंदिर में सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन देवी गायन, पचरा और दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिला सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही लोक संस्कृति और देवी गायन की परंपरा को बनाए रखना है। संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं को देवी गीत और भजन सुनने का अवसर मिलेगा। मंदिरों में आने वाले भक्त मां के दर्शन करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी शामिल हो सकेंगे। कार्यक्रमों के जरिए क्षेत्र की पारंपरिक लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। संस्कृति विभाग के क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मिशन शक्ति के तहत हर साल देवी मंदिरों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनका उद्देश्य महिलाओं के स्वावलंबन और सुरक्षा से जुड़े संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही देवी गायन और पचरा जैसी पारंपरिक विधाओं को आगे बढ़ाना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि सप्तमी, अष्टमी और नवमी के तीनों दिन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए शाम पांच बजे का समय निर्धारित किया गया है। इन कार्यक्रमों में देवी गायन, पचरा और दुर्गा सप्तशती पाठ के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बनाया जाएगा। राकेश कुमार वर्मा के मुताबिक, मां अलोपी शंकरी और मां कल्याणी देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में इन मंदिरों में होने वाले कार्यक्रमों के जरिए लोगों को देवी गीतों और भजनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोक परंपराओं को संरक्षित किया जाए और नई पीढ़ी को भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)