विंध्याचल नवरात्र मेले से पहले डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्था:मिर्जापुर में भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट; सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
मिर्जापुर में शारदीय नवरात्र मेले में लाखों श्रद्धालुओं के विंध्याचल पहुंचने की संभावना को देखते हुए बुधवार रात जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्याचल धाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मां विंध्यवासिनी मंदिर परिसर, गंगा घाटों और मंदिर-घाटों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के साथ सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के आवागमन के प्रमुख मार्गों, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थलों और भीड़ के दबाव वाले स्थानों की स्थिति देखी। अधिकारियों ने कहा कि नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। घाटों पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने पर जोर अधिकारियों ने गंगा घाटों पर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मंदिर और घाटों के बीच श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बनाए रखने के साथ प्रमुख स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। यातायात को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने और पार्किंग स्थलों का प्रभावी प्रबंधन करने पर भी जोर दिया गया। मेला क्षेत्र में वाहनों के अनावश्यक दबाव को रोकने के लिए भी आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया। भीड़ बढ़ने पर तत्काल उठाए जाएं कदम डीएम-एसपी ने कहा कि मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। मंदिर परिसर, घाटों और प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाए। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाकर श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित रखा जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार, क्षेत्राधिकारी एलआईयू, प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल, प्रभारी धाम सुरक्षा समेत पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)