प्रयागराज के श्रेयान्वी और सत्यम ने कुश्ती में गोल्ड जीता:नर्मदापुरम प्रतियोगिता में SGFI के लिए क्वालिफाई भी किया
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में 1 से 5 अक्टूबर तक आयोजित 37वीं अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान कुश्ती प्रतियोगिता में प्रयागराज के युवा पहलवानों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शहर का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में श्रेयान्वी और बालक वर्ग में सत्यम यादव ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। इन दोनों शानदार खिलाड़ियों ने इस जीत के साथ ही दिल्ली में होने वाली स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया यानी एसजीएफआई के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया है। मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में कुश्ती प्रशिक्षक अंकित तिवारी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे प्रयागराज के इन खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में कुल सात पदक अपने नाम किए हैं। प्रतियोगिता में श्रेयान्वी ने 30 किलोग्राम बालिका वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि सत्यम यादव ने 65 किलोग्राम फ्री स्टाइल बालक वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा, शहर के अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत और कांस्य पदक जीते। शुभम यादव ने 60 किलोग्राम फ्री स्टाइल बालक वर्ग में सिल्वर मेडल, विवेक कुमार ने 48 किलोग्राम ग्रीको रोमन बालक वर्ग में सिल्वर मेडल, आयुष यादव ने 55 किलोग्राम ग्रीको रोमन बालक वर्ग में सिल्वर मेडल और सचिन यादव ने 92 किलोग्राम ग्रीको रोमन बालक वर्ग में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। वहीं, वीर दुबे ने 45 किलोग्राम ग्रीको रोमन बालक वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्रीड़ा अधिकारी शिव कुमार यादव, उप क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह और स्टेडियम के तमाम प्रशिक्षकों ने बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस शानदार सफलता से स्टेडियम से लेकर खिलाड़ियों के घरों और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)