प्रयागराज में 254 पोलिंग बूथ घटाने का प्रस्ताव:राजनीतिक दलों से 23 अक्टूबर तक आपत्ति और सुझाव मांगे
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या के आधार पर बूथों के पुनर्गठन की तैयारी है। जिले में वर्तमान में 5151 मतदेय स्थल हैं, जबकि पुनर्गठन के बाद 4897 बूथ प्रस्तावित किए गए हैं। इस तरह प्रस्तावित सूची में 254 बूथ कम हो जाएंगे। प्रयागराज के जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आलेख्य सूची पर चर्चा की गई। प्रतिनिधियों से 23 अक्टूबर तक आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत यह प्रक्रिया चल रही है। आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों के सम्भाजन की कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत 19 अक्टूबर को मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची प्रकाशित की गई। इस सम्बन्ध में संगम सभागार में हुई बैठक में राष्ट्रीय और राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रस्तावित बूथों की सूची उपलब्ध कराई गई। उनसे सूची का अवलोकन कर अपने सुझाव और आपत्तियां 23 अक्टूबर तक संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करने को कहा गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्राप्त आपत्तियों और सुझावों का समय से निस्तारण किया जाएगा। जरूरत के अनुसार प्रस्तावित सूची में संशोधन भी कराया जा सकेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी उपमा पाण्डेय समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)