प्रयागराज में 500 बेड का मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल बनेगा:निगम और पार्क मेडी वर्ल्ड में हुआ अनुबंध, 400 करोड़ खर्च होंगे; नवरात्र में भूमि पूजन
प्रयागराज शहर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। नैनी जहांगीराबाद के वार्ड नंबर 31 में 500 बेड का मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए नगर निगम प्रयागराज और पार्क मेडी वर्ल्ड लिमिटेड (पार्क ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स) के बीच अनुबंध हुआ है। अस्पताल के निर्माण पर करीब 400 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना के तहत अस्पताल में अलग-अलग गंभीर और सामान्य बीमारियों के इलाज की विशेषज्ञ सुविधाएं विकसित की जाएंगी। 500 बेड की क्षमता वाला यह अस्पताल तैयार होने के बाद शहर और आसपास के लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम हो सकती है। हालांकि अस्पताल में कौन-कौन से विभाग और चिकित्सा सुविधाएं शुरू होंगी, इसका विस्तृत खाका निर्माण और संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ तय किया जाएगा।
75 करोड़ रुपये म्युनिसिपल बॉन्ड से
अस्पताल परियोजना के लिए करीब 400 करोड़ रुपये की लागत तय की गई है। इसमें 75 करोड़ रुपये नगर निगम की ओर से म्युनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। बाकी राशि संबंधित कंपनी की ओर से लगाई जाएगी। इस तरह परियोजना में नगर निगम और निजी कंपनी दोनों की भागीदारी रहेगी। नवरात्र में भूमि पूजन की तैयारी
अनुबंध के बाद अब निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मेयर गणेश केसरवानी ने अस्पताल के निर्माण की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम की ओर से नवरात्र के दौरान भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अस्पताल बनने से प्रयागराज में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। खासकर गंभीर बीमारियों और विशेषज्ञ इलाज के लिए मरीजों को शहर में ही बेहतर विकल्प मिल सकेगा। अनुबंध के दौरान नगर आयुक्त सीलम साईं तेज, मुख्य अभियंता जनकार्य दिनेश चंद्र सचान, पार्क मेडी वर्ल्ड के कंपनी सेक्रेटरी अभिषेक कपूर और सीनियर जनरल मैनेजर डॉ. सत्यम गुप्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)