प्रयागराज में 70वीं वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू, DM ने किया उद्घाटन:1590 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, 24 से 27 सितंबर तक चलेगी प्रतियोगिता
प्रयागराज के सीएवो इंटर कॉलेज में गुरुवार से 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू हो गई। चार दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने दीप जलाकर, गुब्बारे उड़ाकर और झंडा फहराकर किया। इसमें प्रदेश के सभी 18 मंडलों के साथ लखनऊ और गोरखपुर के स्पोर्ट्स कॉलेज की अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग की टीमें हिस्सा ले रही हैं। कुल 1590 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने अलग-अलग मंडलों से आए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अगर खिलाड़ियों में क्षमता है, तो उन्हें खुद को साबित करने का यह एक शानदार मौका मिला है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और जोश के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतियोगिता में मिली सफलता खिलाड़ियों को आगे बड़े स्तर तक पहुंचने में मदद करेगी। डीएम ने समारोह में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तारीफ की। संयुक्त शिक्षा निदेशक प्रयागराज आरएन विश्वकर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों में ऐसा जोश और आत्मविश्वास होना चाहिए, जिससे वे प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता के बाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकें। यह प्रतियोगिता 24 से 27 सितंबर तक चलेगी। समारोह में खास मेहमानों के तौर पर अपर शिक्षा निदेशक व्यावसायिक सुरेंद्र कुमार तिवारी और अपर निदेशक बेसिक शिक्षा मनोज कुमार द्विवेदी मौजूद थे। खेल सचिव ब्रजेश श्रीवास्तव, राजकुमार और रंजना सिंह ने बैज और कैप लगाकर मेहमानों का स्वागत किया। उमेश खरे ने प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी दी। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को जोश से भर दिया। जगत तारन गर्ल्स इंटर कॉलेज, डीपी गर्ल्स इंटर कॉलेज और ईश्वर शरण बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत और डांस पेश किया। सेंट एंथोनी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने लोक नृत्य कजरी की प्रस्तुति दी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय ने सभी मेहमानों और खिलाड़ियों का आभार माना। उन्होंने प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों के अच्छे रहने और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। आखिर में डीएम ने प्रतियोगिता के औपचारिक उद्घाटन का ऐलान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)