प्रयागराज में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता का इंटरव्यू:एमएलसी चुनाव पर बोले- विपक्ष का कोई भी हो, हमारी रणनीति अचूक, रचेंगे इतिहास

Sep 30, 2026 - 13:40
0
प्रयागराज में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता का इंटरव्यू:एमएलसी चुनाव पर बोले- विपक्ष का कोई भी हो, हमारी रणनीति अचूक, रचेंगे इतिहास
प्रयागराज-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी से इस सीट के लिए अशोक राठौर को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इस चुनाव को जीतने के लिए भाजपा की क्या जमीनी तैयारियां हैं, विपक्ष की चुनौतियों से पार्टी कैसे निपटेगी और आगामी विधानसभा चुनाव से इसके क्या समीकरण जुड़ते हैं? इन तमाम गंभीर और समसामयिक मुद्दों पर दैनिक भास्कर ने भाजपा के प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता से एक विस्तृत और खुली बातचीत की। पेश हैं इंटरव्यू के मुख्य अंश: सवाल: एमएलसी चुनाव का बिगुल बज चुका है और भाजपा ने अशोक राठौर को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस चुनाव को लेकर पार्टी की क्या और किस तरह की तैयारियां हैं? जवाब: हमारी तैयारी पूरी तरह से मुकम्मल है और हम जीत के संकल्प के साथ मैदान में हैं। हमारे बूथ स्तर के कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। चुनाव की तैयारियां टिकट की घोषणा के बाद शुरू नहीं होतीं, बल्कि हमारा संगठन साल के 365 दिन काम करता है। हमने अपनी इस तैयारी को जीत में तब्दील करने की पुख्ता रणनीति बना रखी है। हमारे वरिष्ठ नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की फौज पूरी ताकत से जुटी है, और हमें पूरा विश्वास है कि प्रयागराज सहित सभी 10 जिलों में इस बार एक नया इतिहास कायम होगा। सवाल: सपा ने मान सिंह यादव को मैदान में उतारा है वह सिटिंग एमएलसी हैं। पिछली बार आपको इस सीट पर हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में इस बार आप उनके मुकाबले किस रणनीति के तहत उतर रहे हैं? जवाब: हमारी सरकार पिछले इन वर्षों में जनता के हित में अभूतपूर्व काम किए हैं, जिसके कारण आज प्रदेश के मतदाताओं के मन में सरकार के प्रति अटूट विश्वास है। मौजूदा एमएलसी मान सिंह यादव का कार्यकाल पूरा हो चुका है। यदि आप आम जनता से पूछेंगे, तो शायद 20% लोग भी यह नहीं बता पाएंगे कि वे कहाँ रहते हैं। उनके कार्यकाल की कोई ऐसी उपलब्धि नहीं है, जिसके आधार पर जनता उन्हें दोबारा वोट दे। उन्होंने अपने कार्यकाल में ऐसा कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया है। सवाल: एक चर्चा यह भी है कि भाजपा के प्रत्याशी प्रयागराज से बाहर के हैं, जबकि सपा प्रत्याशी स्थानीय हैं। क्या इससे चुनावी मैदान में कोई फर्क पड़ेगा या मतदाताओं पर इसका असर होगा? जवाब: यहाँ 'दूर' और 'पास' जैसी कोई बात ही नहीं है। भारतीय जनता पार्टी एक वैचारिक और कैडर आधारित पार्टी है, जिसका संगठन पूरे प्रदेश के कोने-कोने में सक्रिय है। यहाँ चुनाव कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि हमारा मजबूत संगठन और हमारी नीतियां लड़ती हैं। हमारा संगठन अपने प्रत्याशी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। अशोक राठौर को पहले भी चुनाव लड़ने का लंबा और पुख्ता अनुभव रहा है। इसलिए हमारा पूरा संगठन उनके साथ समन्वय बिठाकर एक अचूक रणनीति पर काम कर रहा है। हमें पूरा भरोसा है कि वह केवल प्रयागराज ही नहीं, बल्कि चुनाव क्षेत्र के दसों जिलों में भारी मतों से जीत दर्ज करेंगे। सवाल: ठीक इसके कुछ ही महीनों बाद उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी होने हैं। क्या यह स्नातक एमएलसी चुनाव विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है, और इसको लेकर पार्टी कितनी गंभीर है? जवाब: देखिये, विधानसभा चुनाव एक अलग प्रक्रिया है और विधान परिषद (एमएलसी) का चुनाव अपने आप में एक अलग फॉर्मेट रखता है। चूंकि इसके कुछ ही महीनों बाद विधानसभा के चुनाव होने हैं, इसलिए इस चुनाव का अपना एक विशेष राजनीतिक महत्व है। इसको लेकर हम हमेशा की तरह बेहद गंभीर रहे हैं और इस बार हमारी गंभीरता और अधिक बढ़ गई है। इस चुनाव को जीतकर हम विधानसभा चुनाव के लिए एक मजबूत और अनुकूल सियासी जमीन तैयार करना चाहते हैं। जहाँ तक विधानसभा चुनाव की बात है, तो पिछले पाँच वर्षों तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में भाजपा ने 'एक-एक घर' तक पहुँचकर जनसेवा की है। हमारे कार्यकर्ता और पदाधिकारी निरंतर जनता के संपर्क में रहते हैं, इसलिए हमें चुनाव के समय कभी कोई चिंता नहीं होती क्योंकि हम साल के बारह महीने चुनावी मोड में रहकर काम करते हैं। सवाल: हाल ही में कुछ युवा वर्गों (विशेषकर 'Gen Z') और कुछ छात्र संगठनों की तरफ से सरकार या पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन देखने को मिले हैं, जैसा कि दिल्ली या अन्य जगहों पर हुआ। आगामी चुनावों में इस वर्ग की नाराजगी को आप कैसे संभालेंगे या कैसे मनाएंगे? जवाब: जंतर-मंतर या अन्य जगहों पर जो लोग खुद को 'जेंजी' (Gen Z) बताकर या उनके नाम पर वहां उपस्थित थे, असल में वे उस वर्ग के वास्तविक प्रतिनिधि थे ही नहीं। मैं यह अच्छी तरह जानता हूँ कि भारत का युवा और पढ़ा-लिखा समाज बेहद परिपक्व है। वहाँ जो भाषा और प्रवृत्तियाँ देखने को मिलीं, वह स्पष्ट करती हैं कि वे लोग देश की मूलधारा से कटे हुए थे। भारत का युवा आज राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, और विकास के पथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। अभी हाल ही में निकाली गई 'तिरंगा यात्रा' या अन्य राष्ट्रव्यापी आयोजनों में देश का एक-एक नौजवान भारत माता की तस्वीर के साथ सड़कों पर उतरा था। प्रधानमंत्री मोदी देश के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और उज्जवल बनाने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। जहाँ तक बात कुछ गिने-चुने विरोधों की है, तो विपक्ष के पास आज कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे भ्रामक हथकंडों का सहारा ले रहे हैं, जिसे जनता और युवा भली-भांति समझ चुके हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User