प्रयागराज में चुनाव आयोग के खिलाफ सपाइयों का अभियान:महानगर अध्यक्ष बोले - भाजपा के लिए काम कर रहे ज्ञानेश कुमार
चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रयागराज के सपाइयों ने अभियान तेज कर दिया। सोमवार को वोट बचाओ - देश बचाओ अभियान के तहत महानगर अध्यक्ष इफ्तिखार हुसैन ने जॉर्ज टाउन स्थित पार्टी कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा अब चुप नहीं बैठेगी। एसआईआर (SIR) संशोधन के नाम पर धड़ल्ले से वोट काटे जाने और भाजपा को फायदा पहुँचाने के विरोध में समाजवादी पार्टी 8 जनवरी को सड़क पर उतरकर एक बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन करने जा रही है। बैठक के बाद उन्होंने दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत की। पढ़िए बातचीत के मुख्य अंश... सवाल: वोट चोरी के खिलाफ सपा का अभियान है।
जवाब: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भाजपा के इशारे पर वोट चोरी की है। इनके रहते हुए लोकतंत्र सुरक्षित नहीं रहेगा। इसलिए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरे देश और प्रदेश में सपा की ओर से आंदोलन चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में प्रयागराज में भी चरणबद्ध रूप से विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की गई है। सवाल: इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए प्रयागराज में पार्टी स्तर पर क्या तैयारियाँ की गई हैं?
जवाब : हमने 2 जनवरी इस अभियान की शुरुआत की है। इसके बाद 3 और 4 जनवरी को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच मंथन और बैठकें हुईं। आज (5 जनवरी को) उत्तर शहर विधानसभा क्षेत्र की बैठक जॉर्ज टाउन कार्यालय में संपन्न हुई है, और आने वाले दिनों में पश्चिमी व दक्षिणी विधानसभा क्षेत्रों में भी ऐसी ही बैठकें आयोजित की जाएंगी। सवाल: 8 जनवरी को होने वाले मुख्य प्रदर्शन और मार्च का पूरा कार्यक्रम क्या रहेगा?
जवाब: आगामी 8 जनवरी को हजारों की संख्या में हमारे समाजवादी कार्यकर्ता चर्च के सामने इकट्ठा होंगे। वहाँ से पूरी तरह शांतिपूर्वक, लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से एक विशाल जुलूस निकाला जाएगा, जो हाईकोर्ट तक जाएगा। इसके बाद डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर ज्ञापन सौंपा जाएगा और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की पुरजोर मांग की जाएगी। सवाल: चुनाव आयोग पर आपका और आपकी पार्टी का सीधा आरोप क्या है?
जवाब: यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है कि देश का चुनाव आयोग किसी निष्पक्ष संस्था की तरह काम करने के बजाय भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। इन्हें पूरे देश का हित देखना चाहिए, न कि किसी एक दल विशेष का। ये लोग एसआईआर (SIR) में संशोधन करके तमाम प्रदेशों में सुनियोजित तरीके से वोट काट रहे हैं। इनके पिछले कार्यकाल में जिन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव हुए, वहाँ जितने वोट काटे गए, उससे कम वोटों के अंतर से सरकारें जिताई गईं। सवाल: आम जनता के मताधिकार और मौजूदा चुनावी व्यवस्था को आप कैसे देखते हैं?
जवाब: स्थिति यह है कि दुनिया के कई देशों की कुल आबादी नहीं है, जितने वोट अकेले हमारे यहाँ काट दिए जाते हैं। संविधान ने देश के हर बालिग नागरिक को वोट देने का मौलिक अधिकार दिया है, तो किसी कानून या प्रशासनिक पैंतरे से उसे कैसे रोका जा सकता है? जनता पूरी तरह त्रस्त है, पूरा देश इस तानाशाही के खिलाफ खड़ा है, और हम इस अन्यायपूर्ण व्यवस्था के खिलाफ अपनी आवाज पूरी ताकत से उठाते रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)