प्रयागराज में जनगणना कर्मियों की ट्रेनिंग 5 अक्टूबर से:जिला प्रशासन ने दूसरे चरण की तैयारियां तेज की, 226 फील्ड ट्रेनरों को मिलेगा प्रशिक्षण

Oct 01, 2026 - 19:19
0
प्रयागराज में जनगणना कर्मियों की ट्रेनिंग 5 अक्टूबर से:जिला प्रशासन ने दूसरे चरण की तैयारियां तेज की, 226 फील्ड ट्रेनरों को मिलेगा प्रशिक्षण
प्रयागराज में द्वितीय चरण की जनगणना के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक में जानकारी दी गई कि जनगणना कार्यों को सही ढंग से लागू करने के लिए मास्टर ट्रेनर और फील्ड ट्रेनरों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में शंभूनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, झलवा को प्रशिक्षण स्थल बनाया गया है। वहां पर 5 मास्टर ट्रेनरों द्वारा 226 फील्ड ट्रेनरों को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दो चरणों में दिया जाएगा। प्रथम चरण में 5 से 7 अक्टूबर तक और द्वितीय चरण में 12 से 14 अक्टूबर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा जिला स्तरीय अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और खंड शिक्षा अधिकारियों को भी स्व-गणना तथा प्रगणकों व सुपरवाइजरों की नियुक्ति व प्रशिक्षण को लेकर जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। तय हो चुका है जनगणना का पूरा शेड्यूल जनगणना निदेशालय लखनऊ के सहायक निदेशक व प्रयागराज के प्रभारी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने बैठक में आगामी चरणों की तिथियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-गणना का कार्य 16 से 30 नवंबर तक होगा। इसके बाद मुख्य जनगणना कार्य 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक चलेगा। उसके बाद पुनरीक्षण का कार्य 05 जनवरी 2027 से 09 जनवरी 2027 तक चलेगा। जनसहभागिता और व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि जनगणना कार्यक्रम का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आम जनता स्व-गणना सहित पूरी प्रक्रिया से भली-भांति अवगत हो सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि इस प्रक्रिया में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी विनीता सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ संतोष कुमार राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, चार्ज अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, तकनीकी सहायक और जनगणना निदेशालय के अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User