इलाहाबाद हाईकोर्ट बार चुनाव: धर्मेन्द्र यादव वरिष्ठ उपाध्यक्ष:आशुतोष त्रिपाठी संयुक्त सचिव बने, कई पदों के नतीजे आए, कल भी जारी रहेगी गिनती

Oct 01, 2026 - 19:19
0
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार चुनाव: धर्मेन्द्र यादव वरिष्ठ उपाध्यक्ष:आशुतोष त्रिपाठी संयुक्त सचिव बने, कई पदों के नतीजे आए, कल भी जारी रहेगी गिनती
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन (HCBA) के वार्षिक चुनाव 2026-27 की मतगणना अब अपने निर्णायक दौर में पहुँच चुकी है। 17 सितंबर 2026 को हुए मतदान के बाद, गुरुवार, 1 अक्टूबर 2026 को मतगणना का आठवां दिन रहा। चुनाव समिति की कड़ी देखरेख और पारदर्शी व्यवस्था के बीच विभिन्न प्रमुख पदों के मतों की गिनती पूरी कर अहम परिणाम घोषित किए गए हैं। चुनाव समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लाइब्रेरी हॉल में मतपत्र संख्या-2 की गिनती शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें कुल 10,033 मतों की गणना की गई। इस मतगणना के आधार पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता धर्मेन्द्र सिंह यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 1725 मत प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भगवान दत्त पांडेय को 1171 मत प्राप्त हुए। वहीं, संयुक्त सचिव (प्रशासन) के महत्वपूर्ण पद पर अधिवक्ता आशुतोष त्रिपाठी ने अपना दबदबा कायम करते हुए 2235 मत पाकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि भूदेव यादव 1066 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इसी क्रम में, पं. के.एन. मिश्र अध्ययन कक्ष (न्यू कमेटी रूम) में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मतपत्र संख्या-3 के कुल 10,036 मतों की गिनती पूरी की गई। प्राप्त परिणामों के अनुसार, संयुक्त सचिव (लाइब्रेरी) के पद पर जय प्रकाश सिंह (जे.पी. सिंह) ने सर्वाधिक 1400 मत प्राप्त किए, जबकि मनीष द्विवेदी 1298 मतों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। संयुक्त सचिव (प्रेस) पद पर कपिल देव यादव ने 2172 मतों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। कोषाध्यक्ष (पुरुष) पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में मुकुल पांडेय ने 1343 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, वहीं अखिलेश कुमार द्विवेदी को 1254 मत मिले। दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मतपत्र संख्या-4 (उपाध्यक्ष पुरुष के 4 पद और उपाध्यक्ष महिला के 2 पद) के 600 शुरुआती मतपत्रों की भी गणना हुई। इन शुरुआती रुझानों में उपाध्यक्ष (महिला) पद पर अन्नपूर्णा सिंह चंदेल को 254 और रंजना सिंह को 200 मत मिले हैं। उपाध्यक्ष (पुरुष) पद के उम्मीदवारों में शक्ति सिंह 110 मतों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एस.एफ.ए. (सैयद फरमान अहमद) नकवी ने बताया कि शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को भी सुबह 10 बजे से शेष मतों की गणना जारी रहेगी। शुक्रवार को मतपत्र संख्या-4 के अलावा मतपत्र संख्या-5 (संयुक्त सचिव महिला, कोषाध्यक्ष महिला एवं कार्यकारिणी सदस्य महिला) की गिनती की जाएगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए चुनाव समिति ने महिला पदों के सभी प्रत्याशियों व उनके पर्यवेक्षकों को मतगणना शुरू होने से पूर्व उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। गुरुवार की मतगणना के दौरान चुनाव अधिकारी लक्ष्मी कान्त मिश्र, वशिष्ठ तिवारी, राजकुमार शुक्ला और अनुभव शुक्ला सहित कई अन्य सदस्य मुस्तैदी से उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User