प्रयागराज में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष अभियान:छूटे युवाओं और महिलाओं पर फोकस, डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण
मतदाता सूची में पहली बार नाम दर्ज कराने वाले युवाओं और पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों को शामिल करने के लिए शनिवार को प्रयागराज में विशेष अभियान चलाया गया। डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने हिम्मतगंज स्थित इलाहाबाद गर्ल्स डिग्री कॉलेज, कालिंदीपुरम के दिग्गज हायर सेकेंडरी स्कूल समेत विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति देखी। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने के लिए शत-प्रतिशत प्रयास किए जाएं। डीएम ने बूथों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिया कि विशेष कैंप के बाद भी अभियान जारी रखें। घर-घर जाकर पहली बार मतदाता बनने के योग्य युवाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों से फार्म-6 भरवाएं। बूथ पर आने वाले पात्र नागरिकों के आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज लेकर उनकी फीडिंग तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि नाम जोड़ने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर भी जोर
डीएम ने कम जेंडर रेशियो वाले क्षेत्रों में महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिन पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, उनसे फार्म-6 भरवाकर नाम शामिल कराया जाए। पात्र लोग मतदाता सूची में नाम दर्ज कराकर लोकतंत्र में भागीदार बने। ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में संशोधन के लिए ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल एप और https://voters.eci.gov.in वेबसाइट के माध्यम से फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 जमा कर सकते हैं। 12 नवंबर को प्रकाशित होगी सूची
मतदाताओं की आलेख्य सूची 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। डीएम ने कहा कि इस अवधि में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने और सूची को दुरुस्त करने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से की जाए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, एसडीएम सदर आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)