प्रयागराज में रामलीला समिति के बैनर फाड़े:राम बारात में भी मारपीट की, मऊआइमा थाने में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर
प्रयागराज के मऊआइमा में विजय दशमी उत्सव के दौरान लगातार बैनर फाड़ने, उपद्रव, गुटखा थूककर धार्मिक आयोजन का अपमान करने और सजावट का सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। श्री रामलीला समिति ने तीन लोगों के खिलाफ थाना मऊआइमा में तहरीर दी है। समिति का आरोप है कि यह सब धार्मिक कार्यक्रमों में व्यवधान डालने और दो समुदायों के बीच तनाव पैदा करने की नीयत से किया गया।
कई घटनाएं सिलसिलेवार अंजाम दीं
श्री रामलीला समिति की ओर से प्रभारी निरीक्षक मऊआइमा को दी गई तहरीर में कहा गया है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विजय दशमी उत्सव के तहत विजय कर्ण घोड़ा शोभायात्रा, रामलीला मंचन, राम बारात, दुर्गा पूजा, विजय दशमी शोभायात्रा, दुर्गा विसर्जन और भरत मिलाप जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। समिति का आरोप है कि कुछ लोग शुरुआत से ही इन आयोजनों में व्यवधान डालने का प्रयास कर रहे हैं।
14 अक्टूबर को फाड़ा गया पहला बैनर
तहरीर के अनुसार 14 अक्टूबर की रात 12 बजे के बाद पक्का तालाब स्थित रामबाग परिसर में लगा बैनर फाड़ दिया गया। इस बैनर पर समिति के मुख्य संरक्षक निमिष खत्री का फोटो लगा था। समिति ने इसे सुनियोजित हरकत बताया है।
राम बारात में उपद्रव का भी आरोप
समिति का कहना है कि 15 अक्टूबर को निकली राम बारात शोभायात्रा के दौरान भी श्रद्धालुओं को चोट पहुंचाने की नीयत से मारपीट और उपद्रव किया गया। अगले दिन रामबाग हनुमान मंदिर की दीवार पर लगा एक अन्य बैनर भी फाड़कर ले जाया गया। इस बैनर पर भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुधीर मौर्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र पासी, पूर्व मंडल महामंत्री जयप्रकाश पटेल और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष बेलाल अहमद सहित कई लोगों के फोटो लगे थे।
गुटखा थूकने और चोरी का भी आरोप
तहरीर में कहा गया है कि 17 अक्टूबर की रात रामलीला मंचन समाप्त होने के बाद रामबाग परिसर में लगे दो बैनरों पर गुटखा थूक दिया गया। इन बैनरों पर समिति के संरक्षक निमिष खत्री और नगर पंचायत मऊआइमा के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद शोएब अंसारी के फोटो लगे थे। इसके अलावा पक्का तालाब स्थित दुर्गा मंदिर में सजावट के लिए लगाई गई विद्युत झालर और केबिल भी चोरी कर ली गई।
18 अक्टूबर की रात फिर फाड़ा गया बैनर
समिति के मुताबिक 18 अक्टूबर की रात करीब 12:45 बजे रामबाग गेट पर लगा एक और बैनर फाड़ दिया गया। इस बैनर पर समिति के पदाधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों के फोटो लगे थे। समिति का कहना है कि लगातार हो रही इन घटनाओं से धार्मिक आयोजन प्रभावित हो रहे हैं।
श्री रामलीला समिति ने तीन लोगों समेत उनके अन्य साथियों को इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार ठहराया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इन लोगों ने दो समुदायों के बीच नफरत फैलाने, सांप्रदायिक तनाव पैदा करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने की नीयत से यह घटनाएं की हैं।
निर्विघ्न आयोजन के लिए कार्रवाई की मांग
समिति के संरक्षक एवं विजय दशमी उत्सव-2026 के कार्यक्रम प्रमुख निमिष खत्री, अध्यक्ष सचिन साहू और महामंत्री बिंदेश्वरी प्रसाद ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विजय दशमी उत्सव के शेष कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)