प्रयागराज में सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम को दिया अल्टीमेटम:48 घंटे में मांगें न मानने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
प्रयागराज नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को सफाई मजदूर एकता मंच ने रैली निकाली। रैली के बाद कर्मचारी नगर निगम पहुंचे और नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें 14 मांगें रखी गईं। यूनियन ने मांगों को पूरा करने के लिए 48 घंटे का समय दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर आमसभा कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी है। सफाई मजदूर एकता मंच, इलाहाबाद के अध्यक्ष बलराम पटेल और सचिव संतोष कुमार की ओर से 13 अक्टूबर को दिए गए ज्ञापन में नियमित, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याएं उठाई गईं। इनमें सफाई कर्मचारियों के साथ ड्राइवर, हेल्पर, कंप्यूटर ऑपरेटर, सहायक गृहकर वसूलीकर्ता, माली और डूडा के माध्यम से तैनात कर्मचारी शामिल हैं। यूनियन ने मांग की कि योग्यता और कार्यकुशलता के आधार पर नियमित सफाई कर्मचारियों को सफाई नायक के पद पर समायोजित किया जाए। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कनिष्ठ लिपिक पद पर लंबित पदोन्नति प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाए। ज्ञापन में आउटसोर्स कर्मचारियों को दीपावली से पहले 20 हजार रुपये न्यूनतम वेतन देने और एक जुलाई 2026 से बढ़े वेतन का एरियर भुगतान करने की मांग की गई। इसके साथ ही नगर निगम में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को नियमित करने और उनका पीएफ खाता खोलने की मांग उठाई गई। कर्मचारियों ने दो-दो टी-शर्ट और लोअर उपलब्ध कराने, सार्वजनिक अवकाश का लाभ देने और कर्मचारियों के हाजिरी स्थल पर टीन शेड व पीने के पानी की व्यवस्था करने की मांग भी की। यूनियन ने कर्मचारियों के लिए कार्यालय का कमरा उपलब्ध कराने और समस्याओं के समाधान के लिए नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हर महीने बैठक कराने की मांग रखी। ज्ञापन में दूर-दराज से आए सफाई कर्मचारियों को आवास देने, मेडिकल क्षतिपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने और नैनी-अरेल क्षेत्र में सफाई नायक की तैनाती से संबंधित समस्या दूर करने की मांग भी शामिल है। यूनियन ने चेतावनी दी कि 48 घंटे में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आमसभा के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)