प्रयागराज में योगी ने बीजेपी प्रत्याशी के लिए वोट मांगे:सीएम ने अखिलेश यादव पर तंज कसा, कहा- पूछते थे कहां है नौकरियां
प्रयागराज पहुंचे सीएम ने गवर्नमेंट प्रेस मैदान में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के लिए वोट मांगे। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित स्नातक मतदाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोजगार संबंधी सवालों पर पलटवार करते हुए अगले 6 महीने में एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने की बात कहीं। स्नातक मतदाताओं से 23 अक्टूबर को भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील भी की। सपा पर तीखा हमला कर गए योगी
योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। सीएम ने कहा कि सपा सरकार ने अपने सैफई सिंडिकेट के ऐसे व्यक्ति को आयोग का अध्यक्ष बनाया, जो स्वयं उस पद के योग्य नहीं था। इससे युवाओं के साथ घोर अन्याय हुआ। नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। परीक्षा की तैयारी करने वाले नौजवान नौकरी पाने के लिए पैसे की व्यवस्था करने की चिंता में पड़ जाते थे। जिन्होंने परीक्षा तक नहीं दी, उन्हें नियुक्ति पत्र मिल जाते थे और मेहनत करने वाले युवा ठगा हुआ महसूस करते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हक के साथ खिलवाड़ करने वालों को अब उनसे समर्थन मांगने का नैतिक अधिकार नहीं है। सीएम का दौरा तस्वीरों में देखिये… अखिलेश पूछते थे कि नौकरी कहां है
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पूछते थे कि नौकरी कहां है। अब वह गिनते रहें, अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी। पुलिस भर्ती में 32 हजार युवाओं को नौकरी दी जा रही है। चार हजार उपनिरीक्षकों की भर्ती पूरी हो चुकी है। इनके नियुक्ति पत्र जल्द वितरित होंगे। इसके अलावा 42 हजार होमगार्ड की भर्ती पूरी हो चुकी है। लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और शिक्षा सेवा चयन आयोग की आगामी भर्तियों से 30 से 35 हजार युवाओं को नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब तक साढ़े छह लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सभी भर्तियां आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए मेरिट के आधार पर की जा रही हैं। योग्य गुरु ही निखारता है प्रतिभा
योगी ने प्रयागराज की शैक्षिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया का पहला गुरुकुल महर्षि भारद्वाज ने इसी धरती पर प्रारंभ किया था। इलाहाबाद विश्वविद्यालय कभी पूरे उत्तर भारत को नई रोशनी देता था। आज भी लाखों युवा यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि योग्य स्नातकों की प्रतिभा को उजागर करने का काम योग्य गुरु ही करता है। भगवान राम के पीछे गुरु वशिष्ठ, भगवान कृष्ण के पीछे गुरु संदीपनी, चंद्रगुप्त मौर्य के पीछे आचार्य चाणक्य और स्वामी विवेकानंद के पीछे रामकृष्ण परमहंस जैसे गुरु थे। शिक्षक का सम्मान तभी बढ़ता है, जब शिक्षा राष्ट्र और लोक कल्याण का माध्यम बनती है। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का भी उल्लेख किया। सपा के लिए परिवार ही प्रदेश था
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए परिवार ही प्रदेश था, जबकि भाजपा सरकार के लिए पूरा प्रदेश ही परिवार है। प्रदेश की 25 करोड़ जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में भर्तियों में गड़बड़ी के कारण न्यायालय को रोक लगानी पड़ती थी। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने पारदर्शी नियुक्तियों की व्यवस्था की है। वर्ष 2017 से 2024 के बीच ही सपा के चार कार्यकाल की तुलना में चार गुने से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)