प्रयागराज ने 70वीं मंडलीय खो-खो प्रतियोगिता जीती:तीन वर्गों में जीत दर्ज कर बना ओवरऑल चैंपियन

Oct 18, 2026 - 19:32
0
प्रयागराज ने 70वीं मंडलीय खो-खो प्रतियोगिता जीती:तीन वर्गों में जीत दर्ज कर बना ओवरऑल चैंपियन
प्रयागराज में अग्रसेन इंटर कॉलेज लूकरगंज के मैदान पर 70वीं मंडलीय बालक वर्ग विद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में मेजबान प्रयागराज की टीमों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में जीत दर्ज कर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम सदर अंकित वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद को भी जीवन का अहम हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी। प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़ और फतेहपुर से आईं टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में प्रयागराज ने विजेता का खिताब जीता, जबकि प्रतापगढ़ की टीम उपविजेता रही। इस वर्ग में प्रयागराज के दिव्यांशु 'बेस्ट रनर' और अरिजीत सिंह 'बेस्ट अटैकर' चुने गए। अंडर-17 वर्ग में मेजबान प्रयागराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कौशांबी को मात देकर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। इस वर्ग में प्रयागराज के शिशु 'बेस्ट रनर' और कौशांबी के आलोक कुमार 'बेस्ट अटैकर' रहे। अंडर-19 वर्ग के फाइनल मुकाबले में प्रयागराज ने प्रतापगढ़ को हराकर एक बार फिर अपनी सर्वोच्चता साबित की। इस वर्ग में प्रयागराज के सागर 'बेस्ट अटैकर' घोषित किए गए। खेल भावना और अनुशासन का संदेश समापन समारोह के मुख्य अतिथि, अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्ट व अंतरराष्ट्रीय कोच अंकित त्रिपाठी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मैदान में जो पसीना बहाते हैं, वही नया इतिहास बनाते हैं। खेल में हार-जीत से ज्यादा महान खेल भावना होती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. आद्या प्रसाद मिश्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, साहस और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे बड़ा माध्यम है। प्रतियोगिता के सफल संचालन में खेल शिक्षक अमित कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह राठौर, अली अहमद, अरुण प्रताप सिंह, पवन सिंह, अमिताभ उपाध्याय और अखिलेश पांडे ने निर्णायकों की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. अजय शंकर पांडे ने सभी का आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User