पश्चिमी यूपी को अलग राज्य बनाने की मांग पर प्रदर्शन:मुजफ्फरनगर में शिवसेना ने जुलूस निकाला, एम्स और हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग की
मुज़फ़्फ़रनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की मांग एक बार फिर सड़कों पर दिखाई दी। शिवसेना के पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा के आह्वान पर गुरुवार दोपहर 3 बजे मुज़फ़्फ़रनगर में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स और हाईकोर्ट की स्थापना की मांग भी उठाई। जिला प्रमुख मुकेश त्यागी के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रकाश चौक स्थित शिवसेना कार्यालय पर जुटे। यहां से जुलूस कोर्ट रोड, झांसी की रानी और शिव चौक होते हुए वापस सदर बाजार की ओर निकला और कलेक्ट्रेट पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन ADM को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान राज्य महासचिव बिट्टू सिखेड़ा और मंडल प्रमुख शरद कपूर ने कहा कि अलग पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य का निर्माण और क्षेत्र में एम्स व हाईकोर्ट की स्थापना यहां की जनता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर आंदोलन शुरू हो चुका है और मांग पूरी होने तक इसे जारी रखने की बात कही। शिवसेना नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश का क्षेत्रफल और आबादी बड़ी होने के कारण छोटे राज्यों की तर्ज पर अलग पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य बनाया जाना चाहिए। उनका कहना था कि अलग राज्य बनने से क्षेत्र की जरूरतों पर ज्यादा प्रभावी तरीके से काम किया जा सकेगा। महिला मोर्चे की पदाधिकारियों ने भी अलग पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य की मांग को लेकर आंदोलन में भागीदारी बढ़ाने की बात कही। भवानी सेना जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी और सुमन प्रजापति ने महिला कार्यकर्ताओं से आगे के आंदोलनों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश उप प्रमुख प्रमोद अग्रवाल, जिला महासचिव देवेंद्र चौहान, अनुज चौधरी, जिला उप प्रमुख संजीव वर्मा, नरेंद्र ठाकुर, युवा जिला अध्यक्ष विकास पुंडीर, मंगतराम सोनकर, उज्जवल पंडित, आशीष मिश्रा, भुवन मिश्रा, सत्यम कुमार समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)