पत्नी की हत्या कर लूट की झूठी साजिश रची:पत्थर से वार कर मार डाला था, कुएं से मिले सबूत; पति गिरफ्तार

Oct 18, 2026 - 15:05
0
पत्नी की हत्या कर लूट की झूठी साजिश रची:पत्थर से वार कर मार डाला था, कुएं से मिले सबूत; पति गिरफ्तार
प्रतापगढ़ के फतनपुर थाना क्षेत्र में महिला मंजू यादव की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति अजय यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के बाद आरोपी ने पत्नी के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद खून साफ कर सबूत मिटाने और लूट की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा पुलिस के अनुसार, मृतका के परिजनों ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि हत्या के बाद फर्श पर पड़े खून को साफ कर घटना छिपाने का प्रयास किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अजय यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मेडिकल स्टोर बंद कर घर लौटने के बाद हुआ विवाद पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 17 अक्टूबर 2026 की रात मेडिकल स्टोर बंद कर घर लौटने के बाद पत्नी के साथ पारिवारिक बातों को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी ने पत्नी की लगातार रोक-टोक से नाराज होने की बात कही। इसी दौरान गुस्से में उसने कमरे में रखे पत्थर से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। खून साफ कर बनाई लूट की झूठी कहानी पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने फर्श पर पड़े खून को कपड़े के पायदान से साफ करने का प्रयास किया। इसके बाद वारदात में इस्तेमाल पत्थर और अपने व पत्नी के मोबाइल फोन घर के पीछे स्थित पानी रहित कुएं में फेंक दिए। परिजनों को गुमराह करने के लिए आरोपी ने चार नकाबपोश लोगों के घर में घुसकर पत्नी की हत्या करने और 90 हजार रुपये लूटकर ले जाने की कहानी सुनाई। कुएं से पत्थर और दोनों मोबाइल बरामद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पानी रहित कुएं से खून और बाल लगे पत्थर का टुकड़ा बरामद किया। इसके अलावा मृतका का बताया गया रियलमी मोबाइल फोन और आरोपी का सैमसंग मोबाइल फोन भी मिला। आरोपी की तलाशी में 720 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने बरामद पत्थर और दोनों मोबाइल फोन को अलग-अलग सील कर दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User