सगे भाई ने हथौड़े से तोड़ीं पेट्रोल पंप की मशीनें:पीलीभीत में बिजली चोरी का किया था विरोध, गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी

Oct 18, 2026 - 15:05
0
सगे भाई ने हथौड़े से तोड़ीं पेट्रोल पंप की मशीनें:पीलीभीत में बिजली चोरी का किया था विरोध, गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी
पीलीभीत के पूरनपुर में बिजली चोरी का विरोध करने पर एक युवक ने अपने ही सगे भाई के पेट्रोल पंप पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि उसने हथौड़े से पेट्रोल पंप की चार डिस्पेंसर मशीनें तोड़ दीं। अचानक हुई तोड़फोड़ से पंप पर अफरा-तफरी मच गई। ग्राहक भी वहां से लौट गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सबलपुर खास गांव निवासी डालचंद का घुंघचाई में 'उमाशंकर फिलिंग स्टेशन' नाम से पेट्रोल पंप है। आरोप है कि 17 अक्टूबर को उनके भाई खुशपाल ने पेट्रोल पंप से अवैध बिजली कनेक्शन ले रखा था। डालचंद ने इसका विरोध किया तो खुशपाल भड़क गया। आरोप है कि खुशपाल मौके पर पहुंचा और डालचंद के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने हथौड़ा उठाया और पेट्रोल पंप की चार डिस्पेंसर मशीनों को तोड़ दिया। इससे पंप पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और कामकाज प्रभावित हो गया। कर्मचारियों ने कराया बीच-बचाव पेट्रोल पंप पर हंगामा बढ़ता देख कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप है कि खुशपाल ने शिकायत करने पर डालचंद को जान से मारने की धमकी भी दी। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच संपत्ति के पुराने बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस ने दर्ज किया केस पुलिस क्षेत्राधिकारी विधि भूषण मौर्य ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घुंघचाई पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User