पूर्व CBI निदेशक एम.नागेश्वर राव ने बनाई सर्वजन सनातन पार्टी:बोले-भारत में सभी बच्चों को मिले फ्री एजुकेशन,UP चुनाव में सभी सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

Oct 04, 2026 - 10:25
0
पूर्व CBI निदेशक एम.नागेश्वर राव ने बनाई सर्वजन सनातन पार्टी:बोले-भारत में सभी बच्चों को मिले फ्री एजुकेशन,UP चुनाव में सभी सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार
पूर्व CBI निदेशक और 1986 बैच के ओडिशा कैडर के पूर्व IPS अधिकारी एम. नागेश्वर राव ने सक्रिय राजनीति में कदम रखने का ऐलान किया है। वाराणसी में उन्होंने अपनी नई राजनीतिक पार्टी सर्वजन सनातन पार्टी के गठन की घोषणा की। पार्टी ने राव को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना है। उत्तर प्रदेश में पार्टी की कमान राकेश तिवारी को दी गई है। करीब चार दशक तक पुलिस, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था में काम करने के बाद राजनीति में आए एम. नागेश्वर राव ने कहा कि अब वह अपने प्रशासनिक अनुभव का इस्तेमाल देश और समाज के व्यापक हित में करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनका प्रवेश किसी पद के लिए नहीं, बल्कि देश के लिए एक नई जिम्मेदारी निभाने की कोशिश है। चार प्रमुख उद्देश्यों पर काम करेगी पार्टी एम. नागेश्वर राव ने बताया कि सर्वजन सनातन पार्टी के सामने फिलहाल चार प्रमुख लक्ष्य हैं। इनमें सभी भारतीयों के लिए बेहतर और मुफ्त शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा को आजीविका से जोड़ना और भारत की सभ्यतागत पहचान को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक विकास की दिशा में आगे बढ़ना शामिल है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रयास होगा कि देश के हर नागरिक को बेस्ट क्वालिटी फ्री एजुकेशन और बेस्ट क्वालिटी हेल्थकेयर उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही शिक्षा ऐसी हो, जिससे पढ़ाई पूरी करने के बाद युवा रोजगार की तलाश में भटकने के बजाय अपनी आजीविका शुरू करने, व्यवसाय करने या रोजगार के लिए तैयार हो सकें। राव ने कहा कि शिक्षा और आजीविका को एक-दूसरे से अलग नहीं देखा जा सकता। उनका जोर ऐसे शिक्षा मॉडल पर है, जिसमें पढ़ाई के साथ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए भी तैयार किया जाए। भारतीय पहचान को बनाए रखते हुए आधुनिक भारत का विजन पार्टी के नाम और विचारधारा को लेकर एम. नागेश्वर राव ने ‘सनातन’ को केवल पूजा-पद्धति तक सीमित मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सनातन उनके लिए सत्य, नेकी, कर्तव्य, न्याय, दया और जनकल्याण पर आधारित जीवन-दृष्टि है। उन्होंने कहा कि भारत को आधुनिक बनना चाहिए, लेकिन इस प्रक्रिया में अपनी सभ्यतागत जड़ों और सांस्कृतिक विरासत को नहीं भूलना चाहिए। उनका कहना है कि देश में बनने वाली नीतियों, कानूनों और शिक्षा व्यवस्था में भारतीय पहचान और सभ्यतागत विरासत को सुरक्षित रखते हुए आगे बढ़ने की जरूरत है। राव ने अपना विजन बताते हुए कहा, “सत्य सनातन, नित्य नूतन” केवल एक नारा नहीं है, बल्कि पार्टी के विचारों की बुनियाद है। उनका कहना है कि आधुनिक भारत के निर्माण के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना भी जरूरी है। मौजूदा शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल जब उनसे शिक्षा व्यवस्था और भारतीय पहचान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने मौजूदा शिक्षा प्रणाली पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश में लंबे समय से चली आ रही शिक्षा व्यवस्था को भारतीय सभ्यता और जरूरतों के अनुरूप नए सिरे से देखने की आवश्यकता है। राव ने सवाल उठाया कि मौजूदा शिक्षा प्रणाली किस हद तक भारतीय समाज और उसकी जरूरतों के अनुरूप है। उन्होंने इसे औपनिवेशिक दौर की शिक्षा व्यवस्था के प्रभाव से जोड़ते हुए भारतीय दृष्टिकोण पर आधारित शिक्षा मॉडल की जरूरत बताई। यूपी की राजनीति में उतरने की तैयारी एम. नागेश्वर राव ने बताया कि उन्होंने पिछले कुछ समय में काशी और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर जमीनी स्थिति को समझने की कोशिश की है। इसी अनुभव के आधार पर पार्टी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक गतिविधियां आगे बढ़ाएगी। हालांकि, आगामी विधानसभा चुनाव में कितनी सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर राव ने कहा कि इसकी रणनीति अभी तैयार की जानी है। यानी फिलहाल पार्टी ने सीटों की संख्या को लेकर अंतिम घोषणा नहीं की है। कौन हैं एम. नागेश्वर राव? एम. नागेश्वर राव 1986 बैच के ओडिशा कैडर के IPS अधिकारी रहे हैं। अपने लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने पुलिस और प्रशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं। अपने करियर के अंतिम चरण में वह CBI के अंतरिम निदेशक भी रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User