पुलिस लाइन की गैराज में करंट लगने से मौत:कार धोते समय हेड आरमोरर के 35 वर्षीय बेटे राहुल की जान गई
मथुरा में सोमवार रात पुलिस लाइन की गैराज में कार धोने के दौरान मोटर चलाते समय करंट की चपेट में आने से हेड आरमोरर के 35 वर्षीय बेटे राहुल की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में राहुल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मूलरूप से एटा के रहने वाले सतीश गाजियाबाद में हेड आरमोरर के पद पर तैनात हैं। उनका परिवार मथुरा पुलिस लाइन परिसर में रह रहा है। सोमवार रात उनके बेटे राहुल कार धोने के लिए पुलिस लाइन स्थित गैराज में पहुंचे थे। बताया गया है कि कार धोने के लिए मोटर चलाते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से राहुल जमीन पर गिर पड़े। घटना की जानकारी होने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। राहुल की हालत गंभीर देखकर उन्होंने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। घटना से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि पुलिस लाइन की गैराज में करंट की चपेट में आने से राहुल की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य आवश्यक तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)