पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए मुफ्त हड्डी जांच शिविर:सीओ सिटी समेत कई अधिकारियों और परिजनों ने जांच कराई
मथुरा में पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को मथुरा पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में निःशुल्क हड्डी एवं जोड़ जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देशन में आयोजित शिविर में फोर्टिस हॉस्पिटल के चिकित्सकों और उनकी टीम ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित समस्याओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर में सीओ सिटी आशना चौधरी ने भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया। इसके साथ ही होमगार्ड कमांडेंट, पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन भी शिविर में पहुंचे तथा स्वास्थ्य जांच की सुविधा का लाभ उठाया। चिकित्सकों ने शिविर में पहुंचे लोगों की हड्डियों और जोड़ों से संबंधित समस्याओं की जांच की। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर समय से चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए परामर्श दिया। शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की नियमित स्वास्थ्य जांच को बढ़ावा देना और उन्हें हड्डियों एवं जोड़ों से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक करना रहा। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का स्वरूप काफी व्यस्त और चुनौतीपूर्ण होता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा व्यवस्था संभालने और विभिन्न परिस्थितियों में लगातार काम करने के कारण उन्हें अपनी सेहत पर ध्यान देने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाता। ऐसे में पुलिस लाइन में आयोजित इस शिविर को पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य की देखभाल की दिशा में एक पहल के रूप में देखा जा रहा है। शिविर के माध्यम से पुलिसकर्मियों को अपने कार्यस्थल पर ही निःशुल्क जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त करने का अवसर मिला। आयोजन में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस पहल का उद्देश्य पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ उनमें नियमित जांच और समय पर उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)