पुलिस पर हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:वारंटी को पकड़ने गई टीम पर चलाए थे पत्थर, 6 आरोपी जेल में
ललितपुर में तालबेहट क्षेत्र के दौतला गांव में पुलिस टीम पर हमले के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने रविवार दोपहर 12 बजे आरोपी को उसके गांव से पकड़ा। उसकी पहचान सुमेन्द्र उर्फ सुरेन्द्र उर्फ कालू (24) पुत्र आजाद यादव के रूप में हुई है। वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर किया था हमला पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को तालबेहट पुलिस वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दौतला गांव में सुरेन्द्र के घर दबिश देने पहुंची थी। पुलिस टीम उसे हिरासत में ले रही थी, तभी उसके परिजनों ने एकजुट होकर पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में थाना तालबेहट में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीओ तालबेहट के नेतृत्व में तीन टीमें लगाई गई थीं। पुलिस इस मामले में छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कालू के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट समेत चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। यह कार्रवाई एसपी संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर एसपी कालू सिंह और सीओ तालबेहट आशीष कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में थाना तालबेहट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्र और उनकी टीम शामिल रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)