पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने छोड़ी भाजपा:बोले- पार्टी में घुटन हो रही थी, चुनाव हराने वालों को आगे बैठाने से थे नाराज
आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अलविदा कह दिया है। पार्टी छोड़ने का ऐलान करते हुए उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि "भाजपा में घुटन हो रही थी, इसलिए भाजपा छोड़ी।" कश्यप ने आरोप लगाया कि जिन नेताओं ने उन्हें चुनाव हराने का षड्यंत्र रचा था, पार्टी आज उन्हीं को कार्यक्रमों में अगली पंक्ति में बिठाकर मान-सम्मान दे रही है। धर्मेंद्र कश्यप ने मंगलवार को दिन में अपने फेसबुक अकाउंट पर 'टाटा बाय-बाय' लिखकर एक पोस्ट साझा की थी। इसके बाद देर रात उन्होंने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर भी हटा दी, जिससे सियासी हलकों में हलचल मच गई। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार और कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से भी वे असंतुष्ट चल रहे थे। पूर्व सांसद ने कहा कि वे भाजपा में कोई नए कार्यकर्ता के रूप में नहीं आए थे, बल्कि पहले से विधायक, मंत्री और सांसद रहकर अपना मजबूत जनाधार बनाकर आए थे। जब पार्टी के भीतर आत्मसम्मान को ठेस पहुंचने लगी और कार्यकर्ताओं व समाज की उपेक्षा होने लगी, तो पार्टी से किनारा करना ही एकमात्र विकल्प बचा था। उन्होंने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि कानून का दोहरा मापदंड चल रहा है, जिससे जनता और समर्थकों में भारी निराशा है। धर्मेंद्र कश्यप ने साफ कर दिया है कि वे केवल हवा-हवाई नेता नहीं हैं, बल्कि उनका पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक मजबूत जनाधार है। उन्होंने कहा कि वे अपने समर्थकों और जनता के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। जल्द ही एक बड़ी बैठक बुलाकर समर्थकों से राय-मशविरा करने के बाद नई पार्टी जॉइन करने का आधिकारिक फैसला लेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)