पूर्व सपा ब्लॉक प्रमुख पर गोतस्करी में एक और FIR:प्रयागराज में 2 दिन पहले जेल से छूटा, गोवंश तस्करी में पकड़े गए युवक ने कबूला नाम
प्रयागराज में गोवंश तस्करी के मामले में कौड़िहार के पूर्व ब्लॉक प्रमुख मोहम्मद मुजफ्फर का नाम फिर सामने आया है। नवाबगंज में बृहस्पतिवार भोर में पिकअप से गोवंश की तस्करी में पकड़े गए फिरोज अहमद ने पूछताछ में मुजफ्फर, उसके भतीजे जैद का नाम लिया। यह भी बताया कि दोनों मौके से भाग निकले। मुजफ्फर दो दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। अब उसके खिलाफ गोवंश तस्करी के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। गश्त के दौरान सूचना मिलने पर की घेराबंदी
पुलिसके मुताबिक, बुधवार सुबह मंसूराबाद चौकी क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गोवंश पकड़कर पिकअप में लाद रहे हैं। इन्हें श्रृंग्वेरपुर सर्विस लेन से हाईवे पर ले जाकर वाराणसी के रास्ते बिहार ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने सर्विस रोड पर घेराबंदी की।
पुलिस का आरोप है कि पिकअप चालक ने पुलिसकर्मियों को देखकर वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और उन्हें कुचलने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। इसके बाद चालक समेत तीन लोग पिकअप छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने एक आरोपी फिरोज अहमद को पकड़ लिया, जबकि मोहम्मद जैद और मोहम्मद मुजफ्फर भागने में सफल रहे। पूछताछ में बताया- मुजफ्फर और जैद चलाते हैं नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए फिरोज ने पूछताछ में बताया कि जैद और मुजफ्फर घूमंतू गोवंश पकड़वाकर पिकअप में लदवाते हैं। इसके बाद इन्हें कानपुर-वाराणसी हाईवे के रास्ते बिहार ले जाया जाता है। वहां पशु बाजार में बिक्री के बाद मिलने वाली रकम आपस में बांटी जाती है और उसे मजदूरी के रूप में पैसे दिए जाते हैं। 4 अगस्त को सोरांव से चोरी किया था गोवंश
फिरोज ने एक गोवंश को 4 अगस्त की रात सोरांव क्षेत्र के गहरपुर मलकिया गांव से चोरी करने की बात भी बताई है। पुलिस के मुताबिक, उसने यह भी कहा कि गोवंश को असलम और उसके बेटे जैद के कहने पर तथा मुजफ्फर के षड्यंत्र में चोरी किया गया था। इस संबंध में सोरांव थाने में पहले से मुकदमा दर्ज होने की बात भी सामने आई है।
50 से ज्यादा केस, जेल से जीता था चुनाव
पुलिस रिकॉर्ड में नवाबगंज के चफरी गांव का रहने वाला मुजफ्फर, अंतरजनपदीय गोतस्कर गिरोह का सरगना है। प्रयागराज के अलावा वाराणसी, कौशांबी, फतेहपुर, भदोही और चंदौली जिलों में उस पर 53 केस दर्ज हैं। 2021 में गैंगस्टर केस में जेल भेजे जाने के बाद भी उसने जेल में रहते हुए ब्लॉक प्रमुख का चुनाव जीता था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)