सिम बंद कर रिटायर्ड अधिकारी के 33 लाख उड़ाए:पांच दिन तक नहीं आया नेटवर्क, पुलिस ने 6 लाख फ्रीज किए

Oct 08, 2026 - 16:18
0
सिम बंद कर रिटायर्ड अधिकारी के 33 लाख उड़ाए:पांच दिन तक नहीं आया नेटवर्क, पुलिस ने 6 लाख फ्रीज किए
लखनऊ में औद्योगिक विकास विभाग से सेवानिवृत्त कर्मी साइबर ठगी के शिकार हो गए। आरोपियों ने उनकी मोबाइल सिम बंद रहने के दौरान बैंक खाते से करीब 33 लाख रुपये निकाल लिए। सिम दोबारा चालू होने के बाद पासबुक अपडेट कराने पर उन्हें ठगी की जानकारी हुई। पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। नजरबाग निवासी मोहज्जम वारसी औद्योगिक विकास विभाग से रिटायर्ड हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 सितंबर को अचानक उनके मोबाइल नंबर की सिम सस्पेंड हो गई। उन्होंने जियो के ऑनलाइन नंबर 199 पर संपर्क किया तो बताया गया कि सिम को ऑनलाइन चालू करने के कई प्रयास होने के कारण अब यह तीन दिन बाद ही एक्टिव हो सकेगी। इसके बाद 5 अक्टूबर को जियो पोर्टल के माध्यम से संपर्क करने पर सिम दोबारा चालू हुआ। सिम चालू होने के बाद उन्हें मोबाइल और बैंक खाते में किसी तरह की धोखाधड़ी की आशंका हुई। उन्होंने यूनियन बैंक की पासबुक अपडेट कराई तो पता चला कि 29 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच खाते से करीब 33 लाख रुपए की रकम अलग-अलग माध्यमों से निकाल ली गई। दूसरे खाते से भी 95 हजार ट्रांसफर वारसी के मुताबिक, उनके एसबीआई कैसरबाग शाखा के बचत खाते से भी 3 अक्टूबर को 95,424 रुपए ट्रांसफर किए गए। यह रकम शैलेन्द्र कुमार सिंह के एसबीआई हजरतगंज शाखा स्थित खाते में भेजी गई। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने 6 अक्टूबर को एसबीआई हजरतगंज शाखा में भी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर 5 और 6 अक्टूबर को कई शिकायतें दर्ज कराई हैं। इंस्पेक्टर साइबर थाना आलोक राव ने बताया पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर 6 लाख रुपए फ्रीज किए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User