पूर्व विधायक गोरखनाथ बोले-जहर पी लूंगा मिल्कीपुर के लिए:अयोध्या में आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन करने पहुंचे थे, प्रशासन ने रोका
अयोध्या में अमानीगंज के पूरा उर्फ सुमेरपुर गांव में मंगलवार को नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र के उद्घाटन का कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ पहुंचे। ग्रामीणों और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। हालांकि, प्रशासनिक अनुमति नहीं होने से केंद्र का औपचारिक उद्घाटन नहीं हो सका। इसके बाद बाबा गोरखनाथ ने ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी बात रखी। बोले- मिल्कीपुर हासिल होने तक नहीं रुकेगा रथ बाबा गोरखनाथ ने कहा कि वह जनता का आशीर्वाद लेने निकले हैं। उन्होंने कहा, “मिल्कीपुर हासिल होने तक यह रथ नहीं रुकेगा। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, ‘जहर पी लूंगा और मर जाऊंगा, इसी मिल्कीपुर के लिए।’ उनके इस बयान पर समर्थकों ने तालियां बजाईं। कार्यकर्ताओं ने नारे भी लगाए। पूर्व विधायक ने कहा कि जिन लोगों को वह अपना मानते हैं, उनके लिए हर संभव संघर्ष करेंगे। क्षेत्र का विकास और जनता का सम्मान उनकी प्राथमिकता है। सभा में कई वक्ताओं ने बाबा गोरखनाथ को दोबारा विधायक बनाने की अपील की। पूर्व विधायक ने कहा कि क्षेत्र की बिजली संबंधी समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। बोले- दोबारा मौका मिला तो विकास का रिकॉर्ड तोड़ेंगे बाबा गोरखनाथ ने कहा कि वह 2007 से 2012 तक मिल्कीपुर के विधायक रहे। उनके मुताबिक, इस दौरान क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए गए। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद क्षेत्र में कोई विशेष विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अगर जनता ने 2027 में उन्हें दोबारा मौका दिया तो विकास के मामले में अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ेंगे। अनुमति नहीं थी, इसलिए नहीं हुआ उद्घाटन खंड विकास अधिकारी अमानीगंज सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों के लिए जिले से अनुमति और निर्देश जारी होते हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र के उद्घाटन को लेकर कोई आदेश नहीं आया था। कार्यक्रम की जानकारी भी ब्लॉक प्रशासन को नहीं थी। इसलिए केंद्र का उद्घाटन नहीं कराया गया। इसके बाद बाबा गोरखनाथ ग्रामीणों से संवाद कर वापस लौट गए। पूर्व विधायक ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर केंद्र के लोकार्पण का कार्यक्रम होने की जानकारी दी थी। प्रधान बोले- बच्चों और महिलाओं को मिलेगी सुविधा ग्राम प्रधान आदर्श श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र बनने से बच्चों और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विनय सिंह ‘टुनटुन’, देवेंद्र मणि त्रिपाठी, सुशील मिश्रा, पवन पांडेय, राहुल सिंह, राजेश सिंह और शंभु सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)