पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पिता-पुत्र की मौत सीसीटीवी वीडियो सामने आया:मवेशी बचाने में पलटी कार, बहू-दो बच्चे घायल; दिल्ली से शादी में जा रहा था परिवार
मऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे का सीसीटीवी सामने आया है। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई थी, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए। आजमगढ़ जिले के तहबरपुर क्षेत्र में ओहनी गांव के पास सड़क पर आए मवेशी को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची बचाव टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्र को मृत घोषित कर दिया। दिल्ली से शादी समारोह में शामिल होने आ रहा था परिवार घोसी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी 50 वर्षीय सादाब दिल्ली में सिविल इंजीनियर थे। वह परिवार के साथ दिल्ली के जामिया नगर स्थित हाजी कॉलोनी में रहते थे। रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए वह परिवार के साथ कार से गांव आ रहे थे। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 11 बजे सादाब अपने 83 वर्षीय पिता खुर्शीद अहमद, पत्नी 45 वर्षीय आश्मा, 15 वर्षीय बेटी कुलसुम और 10 वर्षीय बेटे अदनान के साथ दिल्ली से निकले थे। कार सादाब चला रहे थे।
मवेशी को बचाने में अनियंत्रित होकर पलटी कार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिवार की कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आजमगढ़ जिले के तहबरपुर क्षेत्र में ओहनी गांव के पास पहुंची। इसी दौरान सड़क पर आए मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक कार से नियंत्रण खो बैठा। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। अस्पताल में पिता-पुत्र को मृत घोषित किया हादसे की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की बचाव टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सभी घायलों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सादाब और उनके पिता खुर्शीद अहमद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल आश्मा, कुलसुम और अदनान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। शादी की खुशियां मातम में बदलीं दिल्ली से परिवार के साथ गांव लौट रहे सादाब और उनके पिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)