पूर्वोत्तर रेलवे जीएम ने फर्रुखाबाद रेलखंड का किया निरीक्षण:कन्नौज, गुरसहायगंज और फर्रुखाबाद स्टेशनों पर अमृत भारत योजना के कार्यों की समीक्षा

Sep 24, 2026 - 19:19
0
पूर्वोत्तर रेलवे जीएम ने फर्रुखाबाद रेलखंड का किया निरीक्षण:कन्नौज, गुरसहायगंज और फर्रुखाबाद स्टेशनों पर अमृत भारत योजना के कार्यों की समीक्षा
फर्रुखाबाद में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर गुरुवार शाम करीब सवा तीन बजे फर्रुखाबाद पहुंचे। उन्होंने एक घंटे से अधिक समय तक स्टेशन और आसपास चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने कानपुर अनवरगंज–फर्रुखाबाद रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान रेल संपत्तियों की स्थिति देखी और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कन्नौज, गुरसहायगंज और फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। पटरी, ओएचई और पुलों की स्थिति देखी विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल पटरी, ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट), प्वाइंट और क्रॉसिंग, समपार फाटकों तथा बड़े पुलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेल संपत्तियों का बेहतर रखरखाव करने और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंधना में एलिवेटेड कॉरिडोर का ले-आउट देखा निरीक्षण की शुरुआत में महाप्रबंधक मंधना रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने कानपुर अनवरगंज–मंधना के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का ले-आउट प्लान देखा। अधिकारियों के साथ परियोजना की कार्ययोजना और प्रगति पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने मंधना स्टेशन के प्लेटफॉर्म सरफेस, स्ट्रीट लाइट और स्टोर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने और परिसर को बेहतर बनाने से जुड़े कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए। कन्नौज में लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज देखा इसके बाद महाप्रबंधक कन्नौज रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति देखी। सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म, निर्माणाधीन लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों से भी बातचीत की और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। गुरसहायगंज में पेयजल की गुणवत्ता जांची गुरसहायगंज स्टेशन पर महाप्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, आधुनिक शौचालय ब्लॉक, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज और निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे कॉलोनी का भी जायजा लिया और रेल कर्मचारियों तथा उनके परिवारों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कॉलोनी में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन बेहतर करने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने स्टेशन पर पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच व्यवस्था भी देखी। उन्होंने पेयजल परीक्षण रजिस्टर की जांच की और अपने सामने अवशिष्ट क्लोरीन तथा बैक्टीरियोलॉजिकल गुणवत्ता की जांच कराई। यात्रियों और रेल कर्मचारियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फर्रुखाबाद स्टेशन पर विकास कार्यों की समीक्षा निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास और पुनर्विकास कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, स्टेशन प्लेटफॉर्म और निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज देखा। इसके अलावा पार्सल ऑफिस और गुड्स शेड का निरीक्षण कर व्यापारियों और मजदूरों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फर्रुखाबाद स्टेशन के सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार पूरे किए जाएं। उन्होंने यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार, साफ-सफाई, स्टेशन परिसर के बेहतर रखरखाव और रेल सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अनुज मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी नीरज गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर वीणा सिन्हा समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User