राहुल गांधी पर विधायक श्री कांत शर्मा का बयान:कहा संविधान का सम्मान करने का दावा करने वाले कर रहे अवेहलना, मतदाता सूची में कटे नामों पर दी सफाई
हिमाचल प्रदेश के भाजपा प्रभारी और विधायक पंडित श्रीकांत शर्मा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके सहयोगियों पर एसआईआर की आड़ में देश में आगजनी, दंगे और अराजकता फैलाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया। पंडित श्रीकांत शर्मा ने कहा कि एक तरफ राहुल एंड कंपनी हाथ में संविधान की प्रति लेकर घूमती है, वहीं दूसरी तरफ संविधान की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ती। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह रवैया अब उच्च न्यायालय को भी निशाना बनाने तक पहुंच गया है, जो कि लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मतदाता सूची से कटे नामों पर दी सफाई एसआईआर में कटे वोटों के मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि जिन लोगों के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनमें मृत व्यक्ति, दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके लोग या फिर वे शामिल हैं जिनका कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि यदि कोई वैध भारतीय नागरिक है और उसके पास जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं, तो वह तहसीलदार या निर्वाचन आयोग से संपर्क करके आसानी से अपना वोट दोबारा बनवा सकता है। लेकिन इसके नाम पर पुलिसकर्मियों पर हमला करने और महिला कांस्टेबलों के साथ अभद्रता करने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। लगातार मिल रही हार से उपजी हताशा का परिणाम श्रीकांत शर्मा ने राहुल गांधी की तुलना उन तत्वों से की जो जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों पर पथराव करते थे और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जवानों पर हमले में शामिल रहते थे। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि लगातार मिल रही चुनावी हार के कारण विपक्ष में भारी फ्रस्ट्रेशन है। इसी हताशा में वे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जनता से अपने बच्चों को ऐसे तत्वों की संगत से दूर रखने की अपील भी की। अखिलेश और तेजस्वी यादव पर भी साधा निशाना समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल और अखिलेश केवल एक-दूसरे के कंधे का इस्तेमाल कर राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव के साथ मिलकर राहुल गांधी ने गठबंधन का सत्यानाश कर दिया था। राहुल गांधी की स्थिति 'हम तो डूबेंगे सनम, तुमको भी ले डूबेंगे' जैसी है। उत्तर प्रदेश में तीसरी बार खिलेगा कमल एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और अन्य विपक्षी नेताओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पंडित श्रीकांत शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में बोलने की आजादी है, लेकिन आज देश को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों को बेनकाब करने की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और राज्य में तीसरी बार कमल खिलना तय है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)