'राहुल गांधी USA का एजेंडा चलाने वाले एजेंट':बृजभूषण के बेटे प्रतीक बोले- विदेशी ताकतों के हाथ में खेल रहे राहुल, कानूनी कार्रवाई हो
गोंडा सदर से भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग पर लगातार सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पलटवार किया। रविवार दोपहर 12 बजे मीडिया से बातचीत में उन्होंने राहुल गांधी पर भ्रामक तथ्य पेश करने और विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि राहुल गांधी चाहे जितना प्रयास कर लें, चुनाव वोट से ही जीते जाएंगे और वोट से जीतने के बाद ही सरकार बनाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों और चुनाव आयोग को भ्रम फैलाने के आरोपों पर राहुल गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। 'विदेशी ताकतों का टूल बनकर काम नहीं कर पाएंगे' प्रतीक भूषण सिंह ने कहा, "मैं तो बहुत दूर गांव में बैठा एक व्यक्ति हूं। राहुल गांधी चाहे कितना भी प्रयास कर लें, चुनाव वोट से ही जीतेंगे और वोट से जीतने के बाद ही सरकार बना पाएंगे। इस तरह कन्फ्यूज करके और विदेशी ताकतों का टूल बनकर वे काम नहीं कर पाएंगे।" उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पिछले कई महीनों से अलग-अलग विषयों पर भ्रामक तथ्य पेश कर माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। विधायक ने इसे भारत की व्यवस्था के खिलाफ बताते हुए कहा कि एजेंसियों और चुनाव आयोग को इस मामले में कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। 'USA का एजेंडा चलाने के लिए एजेंट के रूप में काम कर रहे' भाजपा विधायक ने राहुल गांधी पर अमेरिका (USA) का एजेंडा चलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि नौजवानों को इस तरह की गतिविधियों को समझना चाहिए। उनके मुताबिक, आसपास के देशों में अस्थिरता पैदा होने के पीछे वहां के राजनीतिक नेताओं की भूमिका रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत में भी इसी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन देश को अस्थिर नहीं होने दिया जाएगा। 'युवा तथ्यों को देखें और नेताओं की मंशा पहचानें' प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि वह तथ्यों को देखकर अपनी राय बनाए। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं की पहचान करना जरूरी है, जिनकी मंशा पर सवाल उठते हैं। विधायक ने युवाओं से ऐसे प्रयासों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। बोले- भारत में चुनाव निष्पक्ष होते रहेंगे चुनाव की निष्पक्षता को लेकर विधायक ने कहा कि भारत में चुनाव निष्पक्ष होते रहे हैं और आगे भी होते रहेंगे। हालांकि, उन्होंने राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के हाथों में खेलने का आरोप लगाते हुए उनके बयानों और गतिविधियों पर संदेह जताया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)