'राजभर को छात्रवृत्ति मिलती तो नेता नहीं बनते':योगी बोले-स्कॉलरशिप की वजह से ये पढ़ नहीं पाए; 4.60 लाख छात्रों को बांटे 1.48 करोड़
सीएम योगी ने शनिवार को कहा- 2017 से पहले कम छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाती थी। मिलती भी थी तो समय पर नहीं मिलती थी। अगर ओमप्रकाश राजभर को समय पर छात्रवृत्ति मिल जाती तो वे भी आपकी तरह होनहार बनते, नेता नहीं बनते। सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा- उस समय की सरकार ने छात्रवृत्ति नहीं दी इसलिए पढ़ नहीं पाए। मेहनत और संघर्ष किया, जनता की आवाज बनकर लड़ते रहे, फिर मंत्री बन गए। उन्होंने थ्री व्हीलर और टैक्सी भी चलाई है। इससे पहले, सीएम योगी ने सुबह 10 बजे लोक भवन में 4.60 लाख से अधिक छात्रों के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपए से ज्यादा की छात्रवृत्ति और फीस माफी की राशि ट्रांसफर की। योगी के संबोधन की बड़ी बातें 1. योगी बोले- मंत्रियों को समय पर स्कॉलशिप नहीं मिली, इसलिए नेता बने
सीएम योगी ने कहा कि हमने पिछले साल 69 लाख छात्रों को 6200 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति दी। पिछले 9 साल में चार करोड़ से अधिक बच्चों को छात्रवृत्ति दी। राजभर की तरह संजीव कुमार गोंड हैं, वे भी सोनभद्र के जंगल में भटकते थे। फिर जनता की आवाज बन गए। आज मंत्री हैं। असीम अरुण पढ़ाई कर IPS बने, ADG रैंक पर थे, कानपुर के पुलिस कमिश्नर थे। इस्तीफा देकर चुनाव लड़ा, आज मंत्री हैं। दानिश आजाद, नरेंद्र कश्यप आज मंत्री हैं। यानी अगर प्रयास ईमानदारी से होगा तो परिणाम भी आएगा। 2. 2017 से पहले सरकार एससी-एसटी छात्रों की स्कॉलरशिप डकार गई
योगी ने कहा कि आज जीरो बैलेंस पर खाता खुलता है। 2017 से पहले क्या स्थिति थी, उस समय एससी-एसटी के छात्रों की छात्रवृत्ति ही नहीं भेजी गई, सरकार उस पैसे को खा गई। छात्रवृत्ति ही डकार गए। जब 2017 में मेरे संज्ञान में आया तो हमने दो साल की छात्रवृति एक साथ दी। सरकार की नियत साफ हो तो छात्रों को बेहतर सुविधा दी जा सकती है। 3. कोई बच्चा छूटना नहीं चाहिए, सबके खातों में पैसे समय पर जाने चाहिए
सीएम ने कहा- हमने छात्रवृत्ति की तारीख भी सुनिश्चित की है। छात्र अप्रैल, मई, जून, जुलाई में एडिमिशन लेता है, जैसे ही प्रवेश की प्रक्रिया पूरी हो छात्रवृत्ति की राशि उसके खाते में भेज दी जाएगी। समाज कल्याण, ओबीसी कल्याण, अल्पसंख्यक विभाग से कहता हूं कि हर महीने बच्चों के खाते में पैसा जाता रहे, कोई बच्चा छूटना नहीं चाहिए। पिछली बार मैंने जब एससी-एसटी के बच्चों की जानकारी ली तो पता चला कि 4 लाख बच्चों का डाटा फीड नहीं है। फिर पोर्टल शुरू कराया गया। 4. बोर्ड परीक्षा 15 दिन में होती है, एक महीने में परिणाम आ जाता है
सीएम योगी ने कहा कि यह कार्यक्रम स्कॉलरशिप तक सीमित नहीं है, आप भाग्यशाली हैं कि आपके सामने पहचान का संकट नहीं है। 2017 से पहले यूपी के बारे में गलत धारणा बन गई थी। बाहर यूपी वाला कहकर बाहर कर देते थे। स्कूलों में टीचर्स नहीं थे। स्कूल भवन जर्जर था। अराजकता और गुंडागर्दी थी। हर साल 100 में से 20 बच्चे पढ़ाई छोड़कर चले जाते थे। स्कूल वीरान थे। अब हम अच्छी शिक्षा और अच्छा वातावरण दे रहे हैं। अब यूपी बोर्ड की परीक्षा तीन महीने नहीं चलती है, बल्कि 15 दिन में परीक्षा होती है और एक महीने में परिणाम आता है। 5. अगले छह महीने में एक लाख नौजवानों को नौकरी देने की तैयारी
योगी ने कहा कि आज हमारा प्रदेश बीमारू नहीं है। रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। देश की प्रगति का ग्रोथ इंजन बना है। यूपी के प्रत्येक व्यक्ति को गौरव है कि वह यूपीवासी है। हमने छात्रवृत्ति में होने वाले सेंधमारी को डीबीटी से जरिए रोका है। पहले बाबूगिरी से सारा पैसा उड़ाया जाता था। छात्र के पास बहुत कम राशि पहुंचती थी। अब कोई नहीं रोक सकता है। हमने अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। अगले छह महीने में एक लाख नौजवानों को नौकरी देने की तैयारी है। 6. यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब सब चंगा
योगी ने कहा- यूपी सही दिशा में आगे बढ़ा है। अब यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब यूपी में है सब चंगा। आप इस यूपी के सारथी हैं, यूपी का भविष्य कैसा होना है, पीएम मोदी ने 2047 का विजन देश के सामने रखा है। 15 से 18 साल के बीच आप हैं, अगले 21 साल में आपकी उम्र 36 से 48 साल की होगी तो भारत विकसित भारत बनेगा। आपको मेहनत करनी होगी। देश से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता है। हमारा देश खुशहाल है तो हम भी खुशहाल हैं। परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)