रामबाग चौराहे पर ट्रैफिक सुधार के निर्देश 4 दिन में:डग्गेमार वाहन और ऑटो का जमावड़ा, सुबह-दोपहर जाम से लोग परेशान
आगरा के रामबाग चौराहे पर ट्रैफिक सुधार के निर्देश सिर्फ चार दिन में ही बेअसर हो गए। बुधवार सुबह से ही चौराहे और आसपास के रास्तों पर जाम लग गया। चौराहे के पास टेंपो खड़े दिखे, वहीं फिरोजाबाद जाने वाले सर्विस रोड पर डग्गेमार वाहनों का जमावड़ा था। निजी नंबर की गाड़ियों से भी सवारियां बिठाई जा रही थीं। शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने बैठक में पर्यटन सीजन के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा था। चौराहों से 50 मीटर दूर वाहन खड़े करने और पुलिस को ड्यूटी पर मोबाइल से दूर रहने के निर्देश दिए थे। मंगलवार शाम डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने RTC योजना के तहत रामबाग चौराहे का निरीक्षण भी किया था। इसके बावजूद बुधवार सुबह स्कूल-कॉलेज और दफ्तर जाने के समय जाम की स्थिति बनी रही। दोपहर में स्कूली बसों और अन्य वाहनों से सर्विस रोड पर भी ट्रैफिक पर असर पड़ा। बच्चों और राहगीरों को परेशानी हुई। शाम को पुलिस सक्रिय दिखती है, पर सुबह-दोपहर व्यवस्था फिर बिगड़ जाती है। डग्गेमार वाहनों पर कार्रवाई भी कुछ समय बाद धीमी पड़ जाती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अधिकारियों के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद चौराहे के आसपास नियमों का उल्लंघन आखिर कैसे जारी है। डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने बताया कि जल्द ही संबंधित लोगों के साथ बैठक कर यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ बीएनएस के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)