रामगंगा नहर में मिला अर्धनग्न शव, हाथ कटा हुआ:कानपुर देहात में बबूल के पेड़ में फंसा मिला, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

Sep 27, 2026 - 11:47
0
रामगंगा नहर में मिला अर्धनग्न शव, हाथ कटा हुआ:कानपुर देहात में बबूल के पेड़ में फंसा मिला, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के परसौरा गांव के सामने रामगंगा नहर के किनारे अज्ञात पुरुष का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव नहर के तेज बहाव में बहकर आया और पानी में लंबे समय तक पड़े रहने के बाद फूल गया। इसके चलते वह नहर किनारे लगे बबूल के पेड़ में फंसकर पानी के ऊपर आ गया। स्थानीय लोगों की नजर जब बबूल के पेड़ के पास पानी में फंसे शव पर पड़ी, तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रसूलाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि शव कई दिनों तक पानी में पड़ा रहा, जिसके कारण वह काफी क्षत-विक्षत हो चुका है। मृतक के शरीर पर कपड़े भी काफी कम थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि मृतक का बायां हाथ कलाई के पास से कटा हुआ है। इस स्थिति को देखते हुए हत्या के बाद शव को नहर में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या हुई है या नहीं, इसकी अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। लंबे समय तक पानी में रहने और शव के क्षत-विक्षत होने के कारण अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जानकारी जुटाकर शव की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह और शरीर पर मिले चोट या अन्य निशानों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शव नहर में कहां से बहकर आया। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User